नगर निकाय चुनाव 2026: सवाई माधोपुर की 6 निकायों में कल सुबह 8 बजे से मतगणना
सवाई माधोपुर की 6 नगरीय निकायों में 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। मोबाइल पर रोक और विजय जुलूस पर प्रतिबंध रहेगा।
सवाई माधोपुर जिले की सभी 6 नगरीय निकायों में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सोमवार 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से निर्धारित मतगणना स्थलों पर वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा वार्ड सदस्य पदों की मतगणना संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर निर्धारित मतगणना केंद्रों में करवाई जाएगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए पूरी योजना तैयार कर मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना की तारीख, समय और स्थान के संबंध में प्रत्येक अभ्यर्थी अथवा उसके निर्वाचन अभिकर्ता को रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा लिखित सूचना दी गई है। मतगणना के दौरान पहले एक वार्ड की मतगणना पूरी की जाएगी और उसके बाद ही दूसरे वार्ड की गणना शुरू होगी। जिस वार्ड की मतगणना चल रही होगी, उसी वार्ड के अभ्यर्थियों और अभिकर्ताओं को संबंधित मतगणना कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी।
गणन सहायक और गणन पर्यवेक्षक की नियुक्ति राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के अध्याय-3 के नियम-59 तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार की गई है। मतगणना के दिन गणन अभिकर्ताओं को केवल रिटर्निंग अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी फोटोयुक्त बैज के आधार पर ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों और निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए भी फोटोयुक्त बैज अनिवार्य रहेगा। बिना बैज के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। आयोग के निर्देशों के अनुसार गणन अभिकर्ता, संबंधित अभ्यर्थी अथवा उसका निर्वाचन अभिकर्ता गणना कार्य के बीच में गणना कक्ष नहीं छोड़ सकेंगे। एक बार गणना कक्ष से बाहर निकलने के बाद उन्हें पुनः प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सभी नगरीय निकायों में एक वार्ड के लिए एक मतगणना टेबल निर्धारित की गई है। जिस वार्ड में एक से अधिक मतदान केंद्र हैं, वहां सभी मतदान केंद्रों के मतों की गणना उसी टेबल पर की जाएगी। प्रत्येक अभ्यर्थी संबंधित वार्ड के लिए एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा।
नगर परिषद सवाई माधोपुर में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर के कमरा नंबर 14 में वार्ड 1 से 60 तक की मतगणना के लिए 14 टेबल निर्धारित की गई हैं। नगर पालिका खण्डार में राजकीय महाविद्यालय, खण्डार के हॉल नंबर 1 में वार्ड 1 से 25 तक की मतगणना 5 टेबल पर होगी। नगर पालिका बौंली में राजकीय महाविद्यालय, बौंली के कमरा नंबर 2 में वार्ड 1 से 25 तक के लिए 5 टेबल निर्धारित हैं।
नगर परिषद गंगापुर सिटी में दो कक्षों में मतगणना होगी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी के न्यू हॉल नंबर 1 में वार्ड 1 से 30 तक की मतगणना के लिए 7 टेबल और कमरा नंबर 31 में वार्ड 31 से 60 तक की मतगणना के लिए 7 टेबल निर्धारित की गई हैं।
नगर पालिका वजीरपुर में राजकीय कन्या महाविद्यालय, वजीरपुर के कमरा नंबर 3 में वार्ड 1 से 25 तक की मतगणना 5 टेबल पर होगी। नगर पालिका बामनवास में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बामनवास के कमरा नंबर 2 में वार्ड 1 से 20 तक की मतगणना के लिए 5 टेबल निर्धारित की गई हैं।
मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों और गणन अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था के साथ पार्किंग तथा यातायात की आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस, रैली आदि निकालना वर्जित रहेगा।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों से मतगणना के दौरान निर्वाचन नियमों तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। सोमवार को होने वाली मतगणना के साथ जिले की सभी 6 नगरीय निकायों के वार्ड सदस्य पदों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।