सवाई माधोपुर में क्षय रोग (टीबी) की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 30 सितम्बर तक जिले के विभिन्न गांवों और उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में टीबी के सम्भावित मरीजों की स्क्रीनिंग के बाद पोर्टेबल एक्स-रे वेन से उनकी जांच की जाएगी।

जिला क्षय रोग अधिकारी, सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत सम्भावित क्षय रोगियों की पहचान कर उन्हें समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवल किशोर मीना ने बताया कि 30 सितम्बर तक आयोजित होने वाले शिविरों में सम्भावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी और पोर्टेबल एक्स-रे वेन के माध्यम से जांच की जाएगी। इससे टीबी की पहचान में तेजी आएगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

कार्यक्रम के अनुसार 16 सितम्बर को उप स्वास्थ्य केन्द्र खाटकलां, 17 सितम्बर को कीरपुरा, 18 सितम्बर को किशनपुरा, 19 सितम्बर को भड़हेड़ा, 20 सितम्बर को नीमली खुर्द, 22 सितम्बर को पाड़ली, 23 सितम्बर को दोंदरी, 24 सितम्बर को खवा, 25 सितम्बर को ईटावा, 26 सितम्बर को आटून कलां, 27 सितम्बर को भदलाव, 28 सितम्बर को गोठड़ा, 29 सितम्बर को तालेड़ा तथा 30 सितम्बर को निनोड़ी में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।

डॉ. नवल किशोर मीना ने समस्त सीएचओ, प्रसाविकाओं एवं आशा सहयोगिनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में टीबी के सम्भावित मरीजों को चिन्हित कर शिविर स्थल तक लाएं और उनका एक्स-रे करवाना सुनिश्चित करें। साथ ही, एक्स-रे करवाए गए सभी लोगों की निक्षय आईडी बनवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान के तहत निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले शिविरों में सम्भावित टीबी मरीजों की जांच कर उनकी पहचान और उपचार की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

Tags: