मां चामुंडा देवी सेवा समिति भक्त मंडल, गंगापुर सिटी की ओर से मर्दा वाली मां चामुंडा देवी के दरबार में 14वीं निशुल्क पदयात्रा का आयोजन 18 सितंबर 2026, शुक्रवार को किया जाएगा। पदयात्रा को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

समिति के अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल एवं महामंत्री अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि पदयात्रा का शुभारंभ पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री सीताराम जी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद होगा। इसके बाद श्रद्धालु नाचते-गाते हुए पदयात्रा में शामिल होंगे। यात्रियों के लिए बालोती में अल्पाहार की व्यवस्था की गई है, जबकि लाल बाड़ी हनुमान जी मंदिर पर दोपहर के भोजन-प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु मां के भजनों पर झूमते हुए विशाल जुलूस के रूप में चामुंडा भवन, मर्दा पहुंचेंगे। यहां माता रानी की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद सभी भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन होगा।

श्रद्धालु माता रानी के पंडाल में फूल बंगला, छप्पन भोग एवं विशाल जागरण का आनंद भी लेंगे। समिति ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।

Tags: