तस्वीर में साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान बैठे हुए जिला स्तरीय अधिकारी दिख रहे हैं।

सवाई माधोपुर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक “विकसित भारत-जनसेवा अभियान” आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों की ओर से जागरूकता, सेवा प्रदायगी और लाभ वितरण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को अभियान की तैयारियों को व्यापक और भव्य स्तर पर करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों से कहा कि अभियान को राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप व्यापक रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान में प्रस्तावित अधिकांश गतिविधियां जनसुविधाओं से सीधे जुड़े विभागों से संबंधित हैं। ऐसे में संबंधित विभाग इन गतिविधियों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें और अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक आम लोगों तथा लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।

काना राम ने बताया कि अभियान के दौरान मुख्य तौर पर 12 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को आशीर्वाद का दीया और रक्तदान शिविरों से होगी। इसके साथ ही शिक्षण संस्थाओं में मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति यात्रा, स्वच्छता सेवा दान, सेवा सेतु अभियान, सेवा का रंग-राज के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज और सुशासन सेवा संवाद के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में विस्तृत आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा।

बैठक में जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुछ शिकायतों का 60 से अधिक दिनों तक लंबित रहना चिंताजनक है। बीते कुछ दिनों में पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की संख्या बढ़ी है, जबकि निस्तारित शिकायतों में संतुष्टि का स्तर कम हुआ है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को स्थिति में सुधार करने और पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के साथ-साथ अपने स्तर पर जनसुनवाई के जरिए प्राप्त शिकायतों का तय समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

काना राम ने जिले के सभी निजी और राजकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में इलेक्ट्रोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) के गठन के कार्य में तेजी लाने और इन क्लब्स को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रस्तावित ये क्लब नई पीढ़ी को भारत के लोकतंत्र और निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने का कार्य करेंगे। इनका उद्देश्य आमजन और विशेषकर युवाओं की देश की लोकतांत्रिक गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि सभी शिक्षण संस्थाओं में ईएलसी के गठन के बाद उनकी गतिविधियों के वार्षिक कलेण्डर जारी किए जाएं और आयोजित गतिविधियों का विवरण संबंधित पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए।

जिला कलक्टर ने कर्मभूमि से मातृभूमि योजना के तहत सभी गांवों में जल संग्रहण संरचनाएं बनाने के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में यह कार्य आसानी से संभव है, क्योंकि जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण के लिए ऐसे स्थानों को सूचीबद्ध करना है, जहां आमतौर पर बारिश का पानी जमा होता है।

उन्होंने राज उन्नति योजना के तहत जिले में दो आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, एक विद्यालय में आईसीटी लैब तथा विभिन्न पंचायत समिति मुख्यालयों पर अटल ज्ञान केन्द्रों की स्थापना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही रूरल बीपीओ तथा अमृत पोषण वाटिकाएं विकसित करने का कार्य तय समय सीमा में पूरा करने को कहा।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहित कासनिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपखण्ड अधिकारी तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Tags: