नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत सवाई माधोपुर जिले के सभी 6 नगरीय निकायों सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, खण्डार, बौंली, बामनवास एवं वजीरपुर के चुनाव परिणाम सोमवार 14 सितंबर को मतगणना के बाद घोषित कर दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में निर्धारित मतगणना केंद्रों पर मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे।

सभी नगरीय निकायों में रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) की टीम ने मतगणना कार्य पूरा कराया। मतगणना प्रक्रिया पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित की गई। मतगणना पूर्ण होने के बाद जिले के सभी 6 नगरीय निकायों के परिणाम घोषित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने त्वरित एवं सुव्यवस्थित मतगणना के लिए मतगणना प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

सवाई माधोपुर नगर परिषद की मतगणना महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर में हुई। घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार नगर परिषद के कुल 60 वार्डों में से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 33 वार्डों में जीत दर्ज की। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 18 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 9 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

नगर पालिका खण्डार की मतगणना राजकीय महाविद्यालय, खण्डार में हुई। नगर पालिका के कुल 25 वार्डों के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 12 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 10 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 3 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

नगर पालिका बौंली की मतगणना राजकीय महाविद्यालय, बौंली में हुई। कुल 25 वार्डों के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 12 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 11 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 2 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

नगर परिषद गंगापुर सिटी की मतगणना राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी में हुई। कुल 60 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 27 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 17 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 16 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

नगर पालिका वजीरपुर की मतगणना राजकीय कन्या महाविद्यालय, वजीरपुर में हुई। कुल 25 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 10 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 9 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 6 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है कि वजीरपुर नगर पालिका के वार्ड संख्या 14 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी पूरणमल बैरवा निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।

नगर पालिका बामनवास की मतगणना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बामनवास में हुई। कुल 20 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 9 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 7 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 4 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

इस तरह जिले के सभी 6 नगरीय निकायों की मतगणना निर्धारित केंद्रों पर शांतिपूर्वक पूरी होने के साथ नगरीय निकाय चुनाव-2026 के वार्ड सदस्य पदों के परिणाम घोषित हो गए।

Tags: