हिंडौन सिटी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के हिंडौन डिपो ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए हिंडौन-सपोटरा मार्ग पर नई बस सेवा शुरू की है। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

हिंडौन डिपो की मुख्य प्रबंधक विनतेश मीना ने बताया कि हिंडौन-सपोटरा मार्ग पर बस संचालन की लंबे समय से मांग की जा रही थी। यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई बस सेवा शुरू की गई है। बस दिनभर में हिंडौन, करौली, कुडगांव और सपोटरा के बीच चार फेरे लगाएगी।

पहले फेरे में बस सुबह 8:15 बजे हिंडौन डिपो से रवाना होगी। यह बस सुबह 9:15 बजे करौली, 9:45 बजे कुडगांव होते हुए सुबह 10:45 बजे सपोटरा पहुंचेगी। दूसरे फेरे में बस सपोटरा से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:15 बजे कुडगांव होते हुए दोपहर 12:45 बजे करौली पहुंचेगी।

तीसरे फेरे में बस दोपहर 1:15 बजे करौली से रवाना होगी। बस दोपहर 1:45 बजे कुडगांव पहुंचेगी और दोपहर 2:45 बजे सपोटरा पहुंचेगी। चौथे और अंतिम फेरे में बस दोपहर 3:15 बजे सपोटरा से हिंडौन के लिए रवाना होगी। यह शाम 4:00 बजे कुडगांव, शाम 4:30 बजे करौली होते हुए शाम 5:30 बजे हिंडौन डिपो पहुंचेगी।

मुख्य प्रबंधक विनतेश मीना ने बताया कि इस सेवा से कुडगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को करौली व हिंडौन जिला मुख्यालयों तक आने-जाने के लिए सीधी बस सुविधा मिल सकेगी। अब तक हिंडौन से सपोटरा के लिए रोडवेज की कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में लोगों को डग्गेमार वाहनों में सफर करने की मजबूरी बनी हुई थी। नई बस सेवा से इस मार्ग पर सीधा सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो गया है।

Tags: