तस्वीर में गंगापुर सिटी नगर परिषद कार्यालय में नवनिर्वाचित सभापति कृष्ण कुमार गोयल पदभार ग्रहण दस्तावेज पर हस्ताक्षर करते हुए।

गंगापुर सिटी नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ एवं उपसभापति मुजाहिद खान ने गुरुवार, 24 सितंबर को नगर परिषद परिसर में आयोजित समारोह में पदभार ग्रहण किया। नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान ने दोनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को विधिवत कार्यभार ग्रहण करवाया।

पदभार ग्रहण समारोह प्रातः 10 बजे नगर परिषद परिसर में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा रहे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति एवं पार्षदगण ने नगर परिषद की जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की गई। जिम्मेदारी संभालने के बाद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ ने अपने माता-पिता, अपने मामा एवं पार्षद गिरधारी ठेकेदार तथा विधायक रामकेश मीणा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। समारोह के दौरान यह भावुक एवं आत्मीय क्षण मौजूद लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

पदभार ग्रहण समारोह को लेकर नगर परिषद परिसर में शहरवासियों एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नगर परिषद परिसर पहुंचे। उन्होंने नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति एवं पार्षदों को जीत की बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास, आमजन की समस्याओं के समाधान तथा नगर परिषद की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने की बात कही। समारोह में जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शहरवासियों की मौजूदगी रही। पदभार ग्रहण के साथ नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से संभाल ली।

Tags: