तस्वीर में बौंली पंचायत समिति सभागार में बैठकर बैठक करते अधिकारी और प्रतिनिधि दिखाई दे रहे हैं।

बौंली। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार विधिक सेवा कार्यक्रमों के संबंध में जारी एसओपी की पालना तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के एक्शन प्लान के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति बौंली के तत्वावधान में पंचायत समिति सभागार बौंली में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता अनिल कुमार शर्मा ने की। तालुका अध्यक्ष की ओर से प्रतिनिधि तालुका सचिव गणपत सैनी मौजूद रहे।

शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों की ओर से उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर में पंचायत समिति के अतिरिक्त विकास अधिकारी कमलेश प्रसाद मीणा, ओमप्रकाश मीणा, राजस्व विभाग बौंली से मनराज बैरवा, राजस्व विभाग मित्रपुरा से छोटू लाल महावर, विद्युत विभाग की ओर से हरिओम सिंह, शिक्षा विभाग की ओर से मीठालाल माली, सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग से मंजू गुर्जर, महिला अधिकारिता की ओर से वंदना शर्मा, नगरपालिका की ओर से हीरालाल प्रजापत, कृषि विभाग की ओर से कृषि अधिकारी राजाराम बैरवा, एसबीआई बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक पुरुषोत्तम मीणा, मेडिकल विभाग की ओर से दीपक चित्तौड़िया, पैनल अधिवक्ता मोहम्मद जाहिद शिर्वानी, अधिकार मित्र बामचंद भदौरिया एवं देवनारायण गुर्जर उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान मौके पर करीब 60 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अधिकार मित्रों ने स्टाल लगाकर आगंतुकों को विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए। सभी विभागों की ओर से आए प्रतिनिधियों ने अपने विभाग से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।

अंत में शिविर के अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों की ओर से उपस्थित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण को शिविर में पूर्ण रूप से सहयोग देने तथा शिविर को सफल बनाने के लिए धन्यवाद प्रेषित किया। इस जनकल्याणकारी शिविर के माध्यम से सरकारी योजनाओं और विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी के साथ करीब 60 लोगों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया।

Tags: