गंगापुर सिटी: इंदरगढ़ बिजासन माता की तृतीय ध्वज यात्रा निकाली गई
मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति द्वारा आयोजित इस यात्रा के बाद कन्या भोज व भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
तस्वीर में इंदरगढ़ बिजासन माता के सुशोभित रथ को सिर पर उठाए श्रद्धालु चलते दिख रहे हैं।
गंगापुर सिटी। मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति गंगापुर सिटी के तत्वावधान में गुरुवार को मां इंदरगढ़ बिजासन माता की तृतीय ध्वज यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। हाथों में ध्वज लेकर माता के जयकारे लगाते श्रद्धालु भजनों पर नाचते-झूमते इंदरगढ़ बिजासन माता के दरबार पहुंचे। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग माता के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ध्वज यात्रा प्रातः 7 बजे इंदरगढ़ चौराहे पर पहुंची। यहां प्रातःकालीन आरती के बाद श्रद्धालु माता रानी के सुशोभित रथ के साथ जुलूस के रूप में मंदिर के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वज लेकर माता के जयकारे लगाए और भजनों पर जमकर नृत्य किया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और अल्पाहार कराया गया।
इंदरगढ़ बिजासन माता के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में ध्वजा अर्पित कर भोग-प्रसादी लगाई। उन्होंने परिवार, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
इसके बाद प्रातः 10 बजे गंगापुर वालों की धर्मशाला में कन्या भोज का आयोजन किया गया। कन्याओं को भोजन कराकर भेंट अर्पित की गई। इसके पश्चात समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
समिति के महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि ध्वज यात्रा की विशेषता यह है कि यात्रा मार्ग में कहीं भी विश्राम नहीं किया जाता और श्रद्धालु निरंतर चलते हुए माता के दरबार तक पहुंचते हैं। यात्रा में देवी चरण गर्ग, अशोक करौली, अनुराग गर्ग, हैप्पी, रघुनंदन करौली, प्रियांशु सोनी, राहुल अग्रवाल, मुकेश चंद, नीरज गुप्ता, सुरेश चंद सिंघल, कैलाश चंद, रामावतार, सुनील गर्ग, आकाश गर्ग, रमेश चंद, अमित शर्मा, टीकम गुप्ता, मंडावरी सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।
यात्रा के दौरान बाटोदा, भाड़ौती, सवाई माधोपुर सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर अल्पाहार कराया। समिति की ओर से स्वागत करने वाले सभी लोगों का सम्मान किया गया।
ध्वज यात्रा के साथ समिति की 44वीं मासिक बस यात्रा भी पूर्ण हुई। ध्वज यात्रा एवं भंडारा-प्रसादी में गंगापुर सिटी, कुड़गांव, करौली, मंडावरी, सवाई माधोपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने माता बिजासन के दरबार में पूजा-अर्चना कर प्रसादी ग्रहण की।