राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) ने जयपुर से ग्वालियर के बीच नई बस सेवा शुरू की है। जयपुर से ग्वालियर वाया दौसा, लालसोट, गंगापुर, करौली, बाड़ी और धौलपुर संचालित होने वाली इस एक्सप्रेस बस सेवा से इन क्षेत्रों के यात्रियों को जयपुर और ग्वालियर के बीच सीधी रोडवेज परिवहन सुविधा मिलेगी।

रोडवेज प्रशासन की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार जयपुर से ग्वालियर जाने वाली बस प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे जयपुर से रवाना होगी। बस दोपहर 12:15 बजे दौसा, 1:30 बजे लालसोट, दोपहर 3:00 बजे गंगापुर, शाम 4:15 बजे करौली, शाम 6:05 बजे बाड़ी और शाम 6:15 बजे धौलपुर पहुंचेगी। इसके बाद रात 8:30 बजे ग्वालियर ISBT पहुंचेगी।

वापसी में ग्वालियर से जयपुर के लिए बस सुबह 7:15 बजे ग्वालियर ISBT से रवाना होगी। यह सुबह 9:10 बजे धौलपुर, 10:20 बजे बाड़ी, दोपहर 12:15 बजे करौली, 1:45 बजे गंगापुर, दोपहर 3:00 बजे लालसोट और शाम 4:00 बजे दौसा होते हुए शाम 5:30 बजे जयपुर पहुंचेगी।

इसके अलावा जयपुर आगार द्वारा भरतपुर और आगरा मार्ग से भी ग्वालियर के लिए बस सेवा संचालित की जा रही है। इस मार्ग पर बस सुबह 8:40 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे भरतपुर, 3:00 बजे आगरा और शाम 4:40 बजे धौलपुर होते हुए शाम 6:00 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।

ग्वालियर से वापसी में यह बस सुबह 6:30 बजे रवाना होगी और धौलपुर सुबह 8:00 बजे, आगरा सुबह 9:20 बजे तथा भरतपुर सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बस दोपहर 3:30 बजे जयपुर पहुंचेगी।

जयपुर आगार के मुख्य प्रबंधक श्री सुधीर दीक्षित ने बताया कि प्रबंध निदेशक महोदय श्री पुरुषोत्तम जी शर्मा के विशेष प्रयासों की वजह से लगभग 10 साल बाद यात्रियों को ग्वालियर मार्ग पर रोडवेज परिवहन की सुविधा मिल सकेगी।

यात्रियों के बेहतर सफर के लिए इस एक्सप्रेस बस सेवा में आरामदायक सीटें, समय की पाबंदी और सुरक्षित यात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नई सेवा से जयपुर, दौसा, लालसोट, गंगापुर, करौली, बाड़ी और धौलपुर को ग्वालियर से जोड़ने वाला सीधा बस मार्ग उपलब्ध हुआ है।

Tags: