झाड़ोल में सर्राफा कारोबारी से लूट का खुलासा, 'लाइगर' समेत 3 गिरफ्तार
NH-58E पर व्यापारी पर हमला कर नकदी व जेवरात लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की।
नेशनल हाईवे 58-ई पर रात के अंधेरे में हथियारों के बल पर राहगीरों को घेरकर लूटपाट करने वाले गिरोह का झाड़ोल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना प्रेमा उर्फ प्रेमचन्द उर्फ ‘लाइगर’ सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 26 अगस्त की रात चलती बाइक रुकवाकर उदयपुर से लौट रहे सर्राफा कारोबारी मुकेश कुमार सोनी पर तलवार से ताबड़तोड़ वार किए थे और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने बताया कि पीड़ित मुकेश कुमार सोनी (52) पुत्र रमेश चन्द्र सोनी, निवासी झाड़ोल, ने 27 अगस्त को थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 26 अगस्त की रात करीब 9:10 बजे वह अपनी बहन लक्ष्मी और गोपाल जी सोनी के साथ मोटरसाइकिल से उदयपुर से झाड़ोल लौट रहे थे। उण्डावेला के समीप दो बाइकों, स्प्लेंडर व स्पोर्ट्स, पर सवार 3-4 नकाबपोश युवकों ने उन्हें जबरन रुकवा लिया।
बदमाशों के पास नंगी तलवारें और धारदार चाकू थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मुकेश सोनी पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। इसके बाद लुटेरों ने पीड़ित का पर्स और मोबाइल, उनकी बहन के गले से 2 तोले का सोने का मंगलसूत्र तथा कुल ₹13,000 की नकदी लूट ली। इसमें बहन के पर्स से ₹5,000 और मुकेश के पर्स से ₹8,000 थे। बदमाश जरूरी दस्तावेज भी ले गए।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर एएसपी (खेरवाड़ा) रजत विश्नोई और वृताधिकारी (झाड़ोल) विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जिला साइबर सेल के तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद जुर्म प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमा उर्फ प्रेमचन्द उर्फ ‘लाइगर’ बड़गोता (22 वर्ष), पिता रामलाल बड़गोता, निवासी शिवपुरा, थाना झाड़ोल, गिरोह का मुख्य सरगना है। उसके साथ हीरालाल चव्हाण (21 वर्ष), पिता नवल राम चव्हाण, निवासी शिवपुरा, थाना झाड़ोल और दिपेश चव्हाण (20 वर्ष), पिता नका लाल चव्हाण, निवासी शिवपुरा, थाना झाड़ोल को गिरफ्तार किया गया है।
थानाधिकारी के अनुसार मुख्य आरोपी प्रेमा उर्फ लाइगर लूट की वारदातों का शातिर आदतन अपराधी है। वह झाड़ोल के अलावा उदयपुर शहर के भूपालपुरा और अम्बामाता थाने का भी वांछित आरोपी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान लूटी गई संपत्ति, जेवरात और वारदात में प्रयुक्त हथियार-बाइकों की बरामदगी के साथ अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
कार्रवाई में थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई, सउनि सतीशचंद्र (विशेष भूमिका), कानिस्टेबल ओमप्रकाश (विशेष भूमिका), हैडकानि प्रदीप सिंह, कानिस्टेबल बालकृष्ण, जितेन्द्र, मदनलाल, लक्ष्मीलाल, उमेश कुमार एवं जिला साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से NH-58E पर हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह की वारदातों की जांच आगे बढ़ी है और मुख्य आरोपी से जुड़ी अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना बनी है।