बड़ी सादड़ी: बाइक लूट के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद
बिजली ऑफिस के पास मारपीट कर बाइक छीनने वाले गिरोह का खुलासा, पुलिस ने आरोपी गजेन्द्र मीणा से चोरी का वाहन बरामद किया।
bari-sadri-police-arrest-accused.jpg
बड़ी सादड़ी में बिजली ऑफिस के सामने बैंक के पास युवक से मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में गजेन्द्र मीणा को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को नामजद किया गया है। आरोपी की निशानदेही से प्रकरण में लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी विक्रम जोगी पुत्र वाग जी जोगी, उम्र 18 वर्ष, निवासी टांडा बंजारा (डूंगरीया), तहसील घाटोल, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) ने थाना उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि घटना 11/08/2026 को शाम लगभग 7:00 बजे की है। वह अपने निजी कार्य के सिलसिले में अपने गांव टांडा बंजारा से बड़ी सादड़ी आया था। बड़ी सादड़ी में बिजली ऑफिस के सामने बैंक के पास उसने पेशाब करने के लिए अपनी मोटरसाइकिल रोकी थी। इसी दौरान वहां पहले से खड़े 3-4 अज्ञात लोगों ने उससे शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल छीनकर भाग गए। प्रार्थी ने अज्ञात बदमाशों से बाइक बरामद कराने की मांग की।
रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या प्र.स. 211/2026 धारा 119(1), 126(2), 115(2), 304(2), 3(5) बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव आई.पी.एस. के आदेश की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) चित्तौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह आर.पी.एस. के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह आर.पी.एस. के सुपरविजन में त्वरित कार्रवाई के लिए थानाधिकारी बड़ीसादड़ी भगवानलाल पु.नि. के नेतृत्व में लक्ष्मीलाल सहायक उप निरीक्षक मय जाप्ता की टीम गठित की गई।
गठित पुलिस टीम ने बड़ीसादड़ी कस्बे, पण्डेडा तथा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सहायता एवं मानवीय आमसूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों से पूछताछ करने पर वारदात में गजेन्द्र मीणा एवं उसके तीन अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने गजेन्द्र मीणा को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके तीन अन्य साथियों को नामजद किया। प्रकरण का माल मशरूका मोटरसाइकिल अभियुक्त की निशानदेही से बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तगण रात्रि के समय किसी व्यक्ति को अकेला देखकर शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। उसके द्वारा पैसे देने से मना करने पर उसके साथ मारपीट कर उसके कब्जे से राशि व सामान लूटकर शराब का सेवन करते हैं और मौज-मस्ती करते हैं।
गिरफ्तार आरोपी गजेन्द्र पिता उदयलाल मीणा, उम्र 20 साल, निवासी पण्डेडा है। पुलिस के अनुसार उसका पूर्व में भी चोरी के प्रकरण दर्ज होकर जैर तफतीश हैं।
पुलिस टीम में लक्ष्मीलाल स.उ.नि., श्रवण कुमार कानि., बाबूलाल कानि., राकेश भाटी कानि., अचलाराम कानि., प्रेमाराम कानि. तथा बाबुलाल कानि. शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई में लूटी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी के साथ वारदात में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी और उसके तीन अन्य साथियों को नामजद किया जाना मामले की जांच में अहम कार्रवाई है।