सवाई माधोपुर में भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
कोटा और भरतपुर संभाग में अति भारी वर्षा के पूर्वानुमान के बाद सिविल डिफेंस टीमें अलर्ट, रपटों पर आवाजाही बंद करने के निर्देश।
सवाई माधोपुर में तेज से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4-5 सितम्बर को जिले सहित कोटा एवं भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने 6-7 सितम्बर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में खण्डार में 130 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। 4 सितम्बर को कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा तथा 5 सितम्बर को भरतपुर एवं कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी और एक-दो स्थानों पर अति भारी वर्षा की संभावना है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर काना राम ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन की एडवाइजरी की पालना करने की अपील की है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन रपटों पर तेज पानी का बहाव हो तथा प्रमुख झरनों पर भारी वर्षा के कारण जलप्रवाह अधिक हो, वहां पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात कर आमजन की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रखी जाए। किसी भी व्यक्ति को जोखिम वाले क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाए।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से नदियों, नालों, रपटों, जलमग्न सड़कों और बहाव वाली पुलियाओं को पार करने का प्रयास नहीं करने को कहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में फोटो-वीडियो बनाने के लिए जान जोखिम में नहीं डालने तथा बच्चों को जलाशयों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की गई है। बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले विद्युत तारों से भी सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन और कम दृश्यता को देखते हुए अत्यावश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। वाहन धीमी गति से चलाने तथा हेडलाइट, ब्रेक, इंडिकेटर और वाइपर की जांच के बाद ही निकलने को कहा गया है। जलभराव वाले अंडरपास एवं मार्गों से बचने और चेतावनी संकेतों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले में सिविल डिफेंस टीमें 24 घंटे अलर्ट हैं। किसी भी आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 9530314000, 07462-220602, 07462-220201 अथवा टोल फ्री 1077 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला कलक्टर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में तेज बारिश के दौरान सभी नागरिक संयम एवं सतर्कता बरतते हुए प्रशासन के निर्देशों की पालना करें।