गणेश मेले से पहले गौमुखी मार्ग दुरुस्त, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित राह
श्री त्रिनेत्र गणेश मेला-2026 से पहले गौमुखी-मिश्रदर्रा के समीप क्षतिग्रस्त गणेश मार्ग की मरम्मत पूरी हो गई है। 30 अगस्त से बंद मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाकर आवागमन बहाल कर दिया गया।
तस्वीर में सवाई माधोपुर के गणेश मार्ग पर गौमुखी के समीप मजदूर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और लोहे के जाल बिछाने का कार्य करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर, 4 सितम्बर। श्री त्रिनेत्र गणेश मेला-2026 से पहले श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सार्वजनिक निर्माण विभाग ने गणेश मार्ग पर गौमुखी-मिश्रदर्रा के समीप क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य पूरा कर आवागमन सुचारू कर दिया है।
अधिशासी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग गोविंद सहाय मीणा ने बताया कि वर्षा के दौरान पानी के तेज बहाव के कारण गौमुखी के समीप मार्ग बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाता था। इससे गणेश मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। जिला प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए मार्ग की स्थायी एवं आवश्यक मरम्मत के लिए 30 अगस्त से 5 सितंबर तक गणेश मंदिर मार्ग को बंद किया था। निर्धारित अवधि में विभाग ने मरम्मत कार्य पूर्ण कर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बना दिया।
रणथम्भौर दुर्ग स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री त्रिनेत्र गणेश मंदिर में 13 से 15 सितम्बर तक तीन दिवसीय लक्खी मेला-2026 आयोजित होगा। 14 सितम्बर को मुख्य मेला रहेगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन सड़क, यातायात, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से दुरुस्त कर रहा है।
गौमुखी मार्ग की मरम्मत पूरी होने से गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, वाहन चालकों और स्थानीय आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन की ओर से बरसात के कारण प्रभावित अन्य मार्गों पर भी आवश्यक मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि गणेश मेले के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेले से पहले मार्गों की यह तैयारियां श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।