गंगापुर सिटी: सवर्ण समाज समिति की 6 सितंबर को आमसभा और रैली
नगर निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों का बहिष्कार कर समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत और यूजीसी एक्ट के विरोध की रणनीति बनेगी।
गंगापुर सिटी। नगर निकाय चुनाव में सवर्ण समाज समिति के राजनीतिक दलों को समर्थन नहीं देने और समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन के निर्णय के बाद 6 सितंबर, रविवार को शाम 6 बजे पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर के सामने प्रांगण में सवर्ण समाज की विशाल आमसभा आयोजित होगी। आमसभा के बाद मुख्य मार्गों से होते हुए बालाजी चौक तक रैली निकाली जाएगी।
समिति संयोजक अनुज शर्मा, महेश पाल सिंह जादौन एवं रविंद्र खंडेलवाल ने बताया कि आमसभा को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना, हाईकोर्ट अधिवक्ता अनिल मिश्रा, परशुराम सेना के दिनेश रानेजा सहित यूजीसी मुहिम से जुड़े राष्ट्रीय नेता संबोधित करेंगे।
समिति की ओर से नगर परिषद के 25 वार्डों में समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों की सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। अन्य वार्डों में भी आवेदन प्रक्रिया के तहत निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन दिया जाएगा। आमसभा में सभी समर्थित प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को आमंत्रित किया गया है।
समिति ने नगर परिषद क्षेत्र के सवर्ण समाज के नागरिकों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आमसभा में शामिल होने की अपील की है। समिति ने केंद्र सरकार के यूजीसी एक्ट के विरोध में समर्थन देने और कार्यक्रम को सफल बनाने का भी आह्वान किया है। 6 सितंबर को होने वाली आमसभा और इसके बाद प्रस्तावित रैली को लेकर समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी।