तस्वीर में कोटा स्थित सृजन शाला में माटी से तैयार की जा रही पर्यावरण-अनुकूल नवदुर्गा प्रतिमाएं दिखाई दे रही हैं।

कोटा शहर में पर्यावरण अनुकूल नवदुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा मुहिम’ के द्वितीय चरण की शुरुआत की गई है। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल के संयोजन में गुरुवार को इको फ्रेंडली नवदुर्गा क्लब की स्थापना की गई। क्लब की ओर से इस वर्ष कोटा शहर की उन विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को 56 इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाएं निशुल्क वितरित की जाएंगी, जो वर्षों से दुर्गा प्रतिमा की स्थापना करती आ रही हैं।

क्लब अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और नदियों एवं जलाशयों को प्रदूषण मुक्त बनाना है। मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि टीलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित ‘इको फ्रेंडली नवदुर्गा सृजन शाला’ में 56 प्रतिमाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें 28 प्रतिमाएं 6 फीट और 28 प्रतिमाएं 5 फीट की होंगी।

सभी प्रतिमाएं माटी एवं पर्यावरण-अनुकूल प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार की जा रही हैं, ताकि विसर्जन के समय जलस्रोतों को कोई नुकसान न पहुंचे। इन प्रतिमाओं को प्राप्त करने के लिए संस्थाओं का पंजीकरण मोबाइल नंबर 9829328525 पर प्रारंभ कर दिया गया है।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने बताया कि नवदुर्गा सृजन कार्यशाला का भव्य शुभारंभ गुरुवार को कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर माता श्री नीति अंबा के पावन सानिध्य में हुआ। इस दौरान पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं की स्थापना के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष ‘पर्यावरण जन-जागरण रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह रथ आगामी 10 दिनों तक कोटा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और नागरिकों को इको-फ्रेंडली मूर्तियों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। इसके माध्यम से शहरवासियों से इस नवरात्र पर्यावरण-अनुकूल माटी की प्रतिमाएं स्थापित करने का आह्वान किया जाएगा।

कार्यक्रम में हेमंत सिंह, धर्मपाल सिंह, अनिल खंडेलवाल, मयंक अग्रवाल, बसंत भरावा, परमानंद गर्ग, योगेश शर्मा, लक्ष्मण सिंह हाड़ा, सरोज मिश्रा, ज्योति यादव, वंदना, मृदुला चतुर्वेदी, पुष्पा गर्ग और सपना गोयल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस पहल के तहत तैयार की जा रही 56 पर्यावरण-अनुकूल नवदुर्गा प्रतिमाओं के निशुल्क वितरण और जन-जागरण रथ के माध्यम से कोटा में नवरात्र के दौरान पर्यावरण अनुकूल प्रतिमा स्थापना का संदेश दिया जाएगा।

Tags: