पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। रक्तदान, स्वास्थ्य, स्वच्छता, वृक्षारोपण और युवा कार्यक्रम होंगे।
तस्वीर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर नजर आ रहे हैं, जिन्होंने नारंगी पगड़ी और नीले रंग की जैकेट पहनी हुई है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे एक महीने देश और प्रदेश में जनकल्याण एवं सेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मीडिया को संबोधित करते हुए छगन माहुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा ने यह एक महीने का अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए समर्पित रहा है। इसी उद्देश्य से भाजपा उनके जन्मदिन को ‘सेवा और संकल्प’ के पर्व के रूप में मना रही है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर विभिन्न सेवा कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए देश-प्रदेश के प्रमुख स्थानों और देवस्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जा रहा है। गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के जिलों में लाखों मिट्टी के दीए जलाकर जनता की ओर से प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक विशेष बाइक यात्रा भी निकाली जा रही है। यह यात्रा विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी और जगह-जगह इसका स्वागत किया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन के सफर को जनता के बीच पहुंचाया जा रहा है।
हर मंडल और बूथ स्तर पर मुफ्त चिकित्सा शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान और बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। हर गांव और शहर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है।
युवा सहभागिता के लिए स्कूलों और कॉलेजों में पेंटिंग, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर ‘राष्ट्रीय युवा पहल चुनौती’ के माध्यम से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह अभियान केवल एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के प्रधान सेवक के प्रति करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को जोड़ने का माध्यम है। इसलिए प्रत्येक बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर इन कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा और सेवा भावना के साथ आयोजित करें। जनता की सेवा ही मोदी जी के लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का उपहार है। सब मिलकर इस ‘सेवा संकल्प अभियान’ को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।”
छगन माहुर ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ लेने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष सुशासन दिवस कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क साधा जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा।