तस्वीर में कोटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राखी गौतम, शांति धारीवाल और अन्य कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।   

कोटा में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी कोटा की ओर से रामपुरा स्थित गांधी चौक पर श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी आयोजित की गई। सुबह 9.15 बजे कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद स्टेशन रोड स्थित भीमगंजमंडी गार्डन में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम ने की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं कोटा उत्तर विधायक शांति धारीवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को आज पूरा विश्व मान रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी के नेतृत्व में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया और अनेक सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। अंग्रेजों ने हजारों स्वतंत्रता सेनानियों को जेलों में बंद किया, लेकिन स्वतंत्रता आंदोलन लगातार मजबूत होता गया और अंततः देश को आजादी मिली।

धारीवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की बलि दी। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार के शासन में देश के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान का उचित सम्मान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि आज हम उन्हीं के संघर्ष और बलिदान के कारण स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। प्रत्येक नागरिक को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के संदेश को अपने जीवन में अपनाते हुए देशहित में कार्य करना चाहिए।

राखी गौतम ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर जवानों और किसानों के सम्मान एवं योगदान को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि देश की एकता, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर चलते हुए जनसेवा करने का आह्वान किया।

गोष्ठी का संचालन कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने किया। इस अवसर पर पूर्व पीसीसी सचिव डॉ. जफर मोहम्मद, पीसीसी महासचिव अमित धारीवाल, संगठन महामंत्री हेमराज गौतम, उपाध्यक्ष राकेश शर्मा ‘राकू’, श्याम गौतम, कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी, पूर्व महापौर मंजू मेहरा, पार्षद शोनू कुरैशी, अनुराग गौतम, तरुण चतुर्वेदी, प्रदीप मालवीय, किशोर मदनानी, ब्लॉक अध्यक्ष पार्षद ललित शर्मा, भरत जैन ‘मामा’, पार्षद अर्पित जैन, धीरज, महिला कांग्रेस की मालती शर्मा, अनूप कुमार अन्नू, शिक्षक नेता घनश्याम शुक्ला, सेवादल के शशि शर्मा, दीपक वर्मा, हंसराज गोस्वामी, शिवराज गुर्जर, दिनेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Tags: