तस्वीर में कोटा में आयोजित वरिष्ठजन सम्मान समारोह के दौरान मंच पर अतिथि और आमंत्रित लोग उपस्थित हैं।

कोटा। वरिष्ठ सहकार नेता श्रीकृष्ण बिरला के स्मृति दिवस पर बुधवार को हैप्पी बर्थडे क्लब, दादाबाड़ी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राजेश बिरला, कोटा सहकारी उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा और महापौर अनुसुईया गोस्वामी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में श्रीकृष्ण बिरला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सहकारिता के क्षेत्र को समृद्ध बनाने में उनके योगदान का स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने सहकारिता को केवल आर्थिक गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग और विकास पहुंचाने के माध्यम के रूप में देखा।

रेडक्रॉस सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा कि श्रीकृष्ण बिरला राजस्थान में सहकारिता आंदोलन के पितृपुरुष थे। उन्होंने सहकारिता को मजबूत आधार देने के साथ आमजन और किसानों को इससे जोड़ने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उनके विचारों और कार्यशैली ने प्रदेश में सहकारिता को नई दिशा देने का काम किया।

वरिष्ठ समाजसेवी हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि श्रीकृष्ण बिरला के आदर्श आज भी सभी को राह दिखाते हैं। उनका मानना था कि वृद्धजनों का सम्मान करना और उनके अनुभव का लाभ समाज की बड़ी पूंजी है। वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि श्रीकृष्ण बिरला ने सहकारिता आंदोलन को जनसेवा से जोड़ते हुए समाज में सहयोग और सामूहिक विकास की भावना को मजबूत किया। उनके विचार आज भी सहकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सहकारिता की मूल भावना ही सबको साथ लेकर आगे बढ़ने की है और श्रीकृष्ण बिरला ने अपने जीवन में इस भावना को चरितार्थ किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री शैलेंद्र ऋषि, मंडल अध्यक्ष लव आजाद, पार्षद कैलाश गौतम, पार्षद हेमराज सिंह हाड़ा, सुदर्शन गौतम, सुरेंद्र राठौर, रवि शर्मा, कुलदीप मेहरा और प्रमिला वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Tags: