झालरापाटन में 33 देव विमानों की राजसी शोभायात्रा, 27वां ढोल महोत्सव आज से
झालरापाटन में 27वें ढोल महोत्सव के तहत 33 देव विमानों की शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें 13 बैंड और 51 ढोल आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
झालरापाटन में जलझुलनी एकादशी के अवसर पर 33 देव विमानों की राजसी ठाट-बांट से शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री बड़ा मंदिर बालाजी सेवादल के तत्वावधान में 27वें ढोल महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार से होगी। महोत्सव को लेकर सेवादल की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गई हैं।
श्री बड़ा मंदिर बालाजी सेवादल के अध्यक्ष सुरेश शर्मा गुड्डी लाल एवं संरक्षक सुरेश शर्मा ने बताया कि जलझुलनी एकादशी पर सभी समाजों के देव विमान दोपहर 1 बजे अपने-अपने मंदिरों से रवाना होकर सूर्य मंदिर पर एकत्रित होंगे। शाम 5.30 बजे महाआरती होगी। इसके बाद देव विमानों की शोभायात्रा बैंड-बाजों और ढोल के साथ सूर्य मंदिर से रवाना होकर पीपली बाजार होते हुए द्वारकाधीश गोमती सागर पहुंचेगी।
द्वारकाधीश गोमती सागर पर सभी देव विमानों की पूजा-अर्चना एवं स्नान कराया जाएगा। इसके बाद द्वारकाधीश प्रांगण में महाआरती होगी। महाआरती के पश्चात सभी देव विमान अपने-अपने मंदिरों के लिए रवाना होंगे।
शोभायात्रा में 13 बैंड और 51 ढोल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ बालाजी की झांकी, दो घोड़े सवार तथा सभी देव विमानों के आगे महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन भी किया जाएगा।
महोत्सव के तहत 23 सितंबर 2026, बुधवार को द्वारकाधीश प्रांगण में नगरपालिका के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय भजन गायिका आकृति मिश्रा की भव्य भजन संध्या आयोजित होगी। कार्यक्रम रात 8.30 बजे शुरू होगा।
इसके बाद 24 सितंबर 2026, शुक्रवार को रात 8.30 बजे बड़ा मंदिर बालाजी सेवादल के तत्वावधान में राजस्थानी एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिल्ली, जयपुर और कोटा के लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे।
ढोल महोत्सव के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शोभायात्रा की जिम्मेदारी ईश्वर खत्री, दीपक शर्मा, पार्षद नितेश परमार, राजेंद्र शर्मा मीडिया और चेतन नामदेव को दी गई है। बैंड-बाजों की व्यवस्था दुलीचंद प्रजापति, लखन सोनी, पुलकित अग्रवाल, प्रकाश गोड़, मयूर माधवानी, ओम शर्मा, विनोद राठोर, राहुल सोनी और भरत कुमार संभालेंगे।
पूजन व्यवस्था की जिम्मेदारी राधेश्याम चौरसिया और चुन्नी लाल गर्ग को सौंपी गई है। माइक व्यवस्था निर्मल पाटनी, जीतेन्द्र शर्मा, कन्हैया लाल सुमन, कैलाश सुमन, शुभम शर्मा और भगवान सोनी संभालेंगे। मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी गोविन्द शर्मा, राजेंद्र शर्मा मीडिया, रामबाबू शर्मा और अशोक पुष्पद सहित अन्य कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।