झालावाड़: कृषि विभाग का छापा, 1500 बैग अवैध उर्वरक जब्त
खानपुर में बिना दस्तावेजों के भंडारित 1000 बैग डीएपी और 500 बैग पोटाश जब्त, गुणवत्ता जांच के लिए 11 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।
झालावाड़, 17 सितम्बर। जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और बिक्री-वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग का निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को दईखेड़ा, खानपुर स्थित सिखवाल कृषि सेवा केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध रूप से भंडारित लगभग 1000 बैग डीएपी और 500 बैग पोटाश जब्त किए गए।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद झालावाड़ डॉ. नरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल ने संस्थान की जांच की। निरीक्षण के दौरान उक्त उर्वरकों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज और वैधानिक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर नियमानुसार उर्वरकों को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में लिया गया।
निरीक्षण के दौरान संस्थान में उपलब्ध अन्य उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रकार के 11 उर्वरकों के नमूने भी आहरित किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जांच में किसानों को उर्वरक विक्रय के समय बिल जारी नहीं करना, मूल्य सूची एवं स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित नहीं करना तथा उर्वरकों का लाइसेंस में उचित रूप से दर्ज नहीं होना सहित विभिन्न अनियमितताएं भी सामने आईं। इन अनियमितताओं के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनियमित विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उर्वरक विक्रेताओं द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्रवाई कृषि अधिकारी (फसल) कार्यालय सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), प्रेम शंकर गोचर द्वारा की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कृषि अधिकारी चौथमल शर्मा, सहायक कृषि अधिकारी सुरेश कुमार भारद्वाज, नीरज किराड़ सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। जिले में अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अनियमित उर्वरक बिक्री के विरुद्ध विभागीय निगरानी और कार्रवाई का यह अभियान जारी है।