हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों के परिणामों ने झालावाड़ जिले के राजनीतिक समीकरणों में हलचल बढ़ा दी है। भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले झालावाड़ में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झालावाड़ नगर परिषद पर पूर्ण बहुमत के साथ कब्जा कर लिया। वहीं, झालरापाटन नगर पालिका में भाजपा ने 22 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल करते हुए बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की।

झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस की बड़ी जीत को राज्य में पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके विपरीत झालरापाटन में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। पिछले बोर्ड में कांग्रेस के पास 14 सीटें थीं, लेकिन इस बार पार्टी को महज 8 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।

इन चुनावों में पहली बार चुनावी समर में उतरी आम आदमी पार्टी (AAP) का प्रदर्शन भी चर्चा का विषय रहा। आप ने 5 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना खाता खोला और राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया।

स्थानीय समीकरणों और चुनावी विशेषज्ञों के अनुसार, झालरापाटन में आम आदमी पार्टी ने सीधे तौर पर कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाई। स्थानीय स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि यदि मतों का विभाजन नहीं हुआ होता या चुनावी समझौते की स्थिति बनती, तो कांग्रेस झालरापाटन में भी बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच सकती थी।

झालावाड़ जिले के इस जनादेश से निकाय राजनीति में त्रिकोणीय मुकाबले और नए राजनीतिक विकल्पों के प्रभाव के संकेत मिले हैं। चुनाव परिणामों ने झालावाड़ नगर परिषद और झालरापाटन नगर पालिका में अलग-अलग राजनीतिक तस्वीर सामने रखी है।

जानकारों का कहना है कि जो व्यक्ति किंगमेकर बनकर मालाएं पहनकर बाजारों में झूठी वाहवाही बटोर रहा है, उसकी भूमिका को लेकर चुनाव के दौरान अलग तस्वीर सामने आई। उनके अनुसार, इस चुनाव में क्षेत्रीय विधायक वसुंधरा राजे की भूमिका रही, जिन्होंने लगातार फोन के माध्यम से जनता और कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहते हुए समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चुनाव परिणामों में स्थानीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण उलटफेर भी देखने को मिले। निवर्तमान चेयरमैन वर्षा चादवाड के वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी की विजय हुई। वहीं कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष अम्बेश मीणा को करारी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के वार्ड से भाजपा प्रत्याशी विजयी रहा। वहीं नेता प्रतिपक्ष को भी हार का सामना करना पड़ा।

इन परिणामों ने झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस की बहुमत के साथ वापसी और झालरापाटन में भाजपा की मजबूत स्थिति को सामने रखा है, जबकि आम आदमी पार्टी ने 5 सीटें जीतकर स्थानीय निकाय की राजनीति में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

Tags: