तस्वीर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर नारंगी पगड़ी और नीली वास्कट पहने मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री छगन माहुर ने शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए अभियान के तहत प्रदेशभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।

छगन माहुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के गौरवमयी 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा पूरे देश और प्रदेश में एक महीने का मेगा अभियान चला रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक अनवरत चलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए समर्पित रहा है। इसी भावना के तहत भाजपा उनके जन्मदिन को तड़क-भड़क के बजाय ‘सेवा और संकल्प’ के पर्व के रूप में मना रही है। एक महीने तक पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करेगा।

अभियान के तहत प्रधानमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए देश-प्रदेश के प्रमुख स्थानों और देवस्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जा रहा है। गुजरात और उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों के विभिन्न जिलों में लाखों मिट्टी के दीए जलाकर जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दे रही है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से शुरू होकर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक जाने वाली विशेष बाइक यात्रा विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। यह यात्रा उनके 25 वर्षों के सुशासन के सफर को जनता के बीच लेकर जा रही है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हर मंडल और बूथ स्तर पर मुफ्त चिकित्सा शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान और बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पर्यावरण और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण तथा हर गांव और शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

युवा और डिजिटल आउटरीच के तहत स्कूलों और कॉलेजों में पेंटिंग, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। साथ ही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर ‘राष्ट्रीय युवा पहल चुनौती’ के माध्यम से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान के सभी कार्यक्रम प्रत्येक बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर पूरी ऊर्जा और सेवा भावना के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश के प्रधान सेवक के प्रति करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को जोड़ने का माध्यम है।

छगन माहुर ने कहा कि जनता की सेवा ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सबसे बड़ा जन्मदिन का उपहार है और सभी मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।

उन्होंने बताया कि आगामी 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ लेने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष सुशासन दिवस (Good Governance Day) कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संपर्क साधा जाएगा। इस तरह 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाला अभियान सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और युवा सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।

Tags: