तस्वीर में गंगापुर सिटी में पंचायतीराज चुनाव को लेकर बैठक करते अधिकारी और प्रतिनिधि।   

गंगापुर सिटी। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को लेकर मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। रिटर्निंग अधिकारी पंचायत विनोद कुमार की मौजूदगी में हुई बैठक में मिथिलेश व्यास, मुकेश देहात एवं नवीन खान सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि गंगापुर सिटी पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायतीराज चुनाव चौथे चरण में होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर तथा पंच-सरपंच के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।

पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन एसडीएम कार्यालय में लिए जाएंगे, जबकि पंच एवं सरपंच पद के नामांकन संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिनों में नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी।

बैठक में चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रत्याशियों एवं मुद्रकों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127-क के प्रावधानों की पालना करनी होगी। पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी अधिकतम 1.50 लाख रुपए तथा सरपंच प्रत्याशी अधिकतम 1 लाख रुपए तक चुनाव खर्च कर सकेंगे।

सभी प्रत्याशियों के लिए चुनाव समाप्त होने के बाद अपने चुनाव खर्च का विवरण उपकोष कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा। बैठक में यह भी बताया गया कि पंचायतीराज चुनाव में संतान एवं शैक्षणिक योग्यता से संबंधित पूर्व के नियम हटा दिए गए हैं।

पंचायतीराज चुनाव 2026 के कार्यक्रम के साथ आचार संहिता, नामांकन, चुनाव प्रचार सामग्री और प्रत्याशियों के खर्च की सीमा को लेकर दिए गए निर्देश चुनाव प्रक्रिया के दौरान महत्वपूर्ण रहेंगे।

Tags: