तस्वीर में सवाई माधोपुर में आयोजित बैठक के दौरान मंच के सामने खड़े पदाधिकारी।

सवाई माधोपुर/गंगापुर सिटी। भारतीय जैन मिलन की गंगापुर सिटी शाखा का विधिवत गठन किया गया। सवाई माधोपुर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सुरेश जैन ऋतुराज ने भगवान महावीर स्वामी को साक्षी मानकर नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

गंगापुर सिटी शाखा में डॉ. मनोज जैन को अध्यक्ष और रितेश पल्लीवाल को सचिव मनोनीत किया गया। वहीं विमल जैन गोधा और नरेंद्र जैन नृपत्या को भी प्रमुख दायित्व सौंपे गए हैं। राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने जल्द ही गंगापुर सिटी शाखा का विस्तार करने के निर्देश दिए।

बैठक में मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश सहित देशभर से 500 से अधिक पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश जैन पाटनी ने बताया कि भारतीय जैन मिलन की पूरे देश में लगभग 1600 शाखाएं वर्तमान में कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, चौथ का बरवाड़ा, अलीगढ़ सहित कई स्थानों पर नई शाखाओं के गठन की घोषणा की गई और सभी नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के संदेश को लेकर रणथंभौर मार्ग पर निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। इसके बाद संगठन के सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी गतिविधियों की रणनीति तय की गई।

आयोजन में सवाई माधोपुर शाखा के अध्यक्ष विनोद जैन के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों एवं अतिथियों का माला, दुपट्टा और पगड़ी पहनाकर भव्य सम्मान किया गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नई शाखाओं के गठन और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाए जाने से संगठन के आगामी विस्तार की दिशा भी तय हुई।

Tags: