गंगापुर सिटी में मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकार अतिथियों संग मौजूद हैं।   

गंगापुर सिटी। अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत अग्रवाल सेवा समिति के तत्वावधान में पुरानी अनाज मंडी में आयोजित दो दिवसीय अग्रसेन मेले के प्रथम दिन शनिवार शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत कर दिया। अग्रवाल समाज की महिलाओं और महिला मंडलों ने एकल एवं सामूहिक नृत्य सहित धार्मिक, नाटकीय और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने कुलदेवी महालक्ष्मी एवं महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। जिला अग्रवाल महिला मंडल सहित गंगापुर सिटी क्षेत्र के चारों महिला मंडलों की ओर से एकल एवं सामूहिक नृत्य, धार्मिक एवं नाटकीय प्रस्तुतियां, रामायण प्रसंग, सिंदूर एवं ऑपरेशन से संबंधित प्रस्तुतियां तथा देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने मेले में मौजूद महिला-पुरुषों और बच्चों का मन मोह लिया।

मेले में खान-पान की विभिन्न स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहीं। लोगों ने चाट, छोले-भटूरे, भल्ला, पानी टिक्की, आलू टिक्की, स्पेशल टिक्कड़-सब्जी, स्वीट्स और आइसक्रीम सहित अन्य व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कॉफी एवं कोल्ड ड्रिंक की निःशुल्क व्यवस्था भी की गई। विभिन्न स्टॉलों पर देर रात तक लोगों की भीड़ बनी रही।

मेले के दौरान अग्रवाल विधवा सहायता के लिए भामाशाहों ने मंच से खुले मन से सहयोग राशि देने की घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवनिर्वाचित नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ रहे। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद गिरधारी लाल, पंकज मंगल, गोपाल मित्तल, कुंज बिहारी गुप्ता, राजेंद्र गर्ग, कैलाश चंद्र अग्रवाल, बाबूलाल गर्ग, दिनेश चंद्र कुनकटा, हरिशंकर, मथुरा, विनोद गुप्ता एवं महेश पडासोट सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

इससे पूर्व अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष मोहनलाल कुनकटा, मिर्जापुर समाज अध्यक्ष लक्ष्मी चंद महोली, उदेई मोड़ क्षेत्र समाज अध्यक्ष दुर्लभ गोयल, मेला संयोजक अशोक मंगल, महामंत्री सतीश महसुआ, अग्रवाल समाज जिला अध्यक्ष गोविंद बरनाला, सहसंयोजक वेद प्रकाश मंगल, महेंद्र गर्ग, राधा मोहन गोयल, प्रेमचंद तलवाड़ा, घनश्याम दास बाजार, मनीष गुप्ता, मदन मोहन, कैलाश चंद एवं रमेश चंद सहित समाज के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि मेले में शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। उन्होंने शहर के विकास एवं स्वच्छता मिशन में नवगठित नगर परिषद बोर्ड का सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि गंगापुर सिटी को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ बनाया जा सके।

मेले में अग्रवाल समाज के हजारों महिला-पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मेला संयोजक अशोक मंगल ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Tags: