गंगापुर सिटी: राज्य स्तरीय कबड्डी के लीग मैच समाप्त, 16 टीमें सुपर लीग में पहुंचीं
70वीं 14 वर्षीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग से 8-8 टीमों ने सुपर लीग के लिए क्वालीफाई किया, 5 अक्टूबर से अगले दौर के मैच शुरू।
तस्वीर में गंगापुर सिटी खेल मैदान पर आयोजकों और अधिकारियों के साथ कबड्डी खिलाड़ी खड़े हैं।
गंगापुर सिटी में 70वीं राज्य स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता के लीग मुकाबले रोमांचक दौर के साथ संपन्न हुए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी के खेल मैदान पर हुए मुकाबलों में प्रदेशभर की टीमों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। आज के मुकाबलों का शुभारंभ प्रतियोगिता संयोजक एवं शुभम् मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य पूजा कुमारी मीणा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और उनका हौसला बढ़ाकर किया।
लीग मुकाबलों के दौरान मैदान पर दांव-पेंच और अंकों की जोरदार जंग देखने को मिली। बालक वर्ग में चूरू ने भरतपुर को 44 अंक और प्रतापगढ़ को 32 अंक से हराया। सवाई माधोपुर ने कोटा को 75 अंक के भारी अंतर से पराजित किया। जयपुर ने डीग को 20 अंक और हनुमानगढ़ को 34 अंक से शिकस्त दी। उदयपुर ने धौलपुर को 33 अंक से, अजमेर ने अलवर को 31 अंक से और श्रीगंगानगर ने बारां को 23 अंक से पराजित किया। झुंझुनू ने टोंक को 21 अंक से हराया।
जोधपुर ने बूंदी को 19 अंक और कोटपूतली-बहरोड़ को 1 अंक से हराया। बीकानेर ने जैसलमेर को 15 अंक से शिकस्त दी, जबकि बाड़मेर ने बीकानेर को 13 अंक से हराया। कोटपूतली-बहरोड़ ने हनुमानगढ़ को 13 अंक से पराजित किया। सिरोही ने सलेमपुर को 13 अंक और बूंदी ने डीग को 15 अंक से मात दी। बालोतरा ने सवाई माधोपुर को 7 अंक और चित्तौड़गढ़ को 9 अंक से हराया। राजसमंद ने डूंगरपुर को 9 अंक और प्रतापगढ़ को 6 अंक से पराजित किया। नागौर ने दौसा को 6 अंक से हराया।
बालक वर्ग में कुछ मुकाबले बेहद करीबी रहे। फलोदी ने पाली, बांसवाड़ा ने जालौर और डीडवाना ने कबड्डी अकादमी डीडवाना को 1-1 अंक के नजदीकी अंतर से हराया। खैरथल-तिजारा को चूरू अकादमी के खिलाफ वॉकओवर मिला।
बालिका वर्ग में भी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बीकानेर ने कोटा को 34 अंक, टोंक ने डीग को 34 अंक और हनुमानगढ़ ने सलेमपुर को 33 अंक से पराजित किया। फलोदी ने राजसमंद को 30 अंक से शिकस्त दी। श्रीगंगानगर ने अलवर को 29 अंक और डीडवाना-कुचामन ने जालौर को 27 अंक से मात दी। अजमेर ने पाली को 29 अंक से पराजित किया।
कोटा ने डीग को 25 अंक, धौलपुर ने दौसा को 24 अंक और जोधपुर ने फलोदी को 24 अंक से हराया। चूरू ने कोटपूतली को 23 अंक से पराजित किया। जैसलमेर ने सिरोही को 19 अंक और झुंझुनू ने दौसा को 18 अंक से शिकस्त दी। नागौर ने चित्तौड़गढ़ को 8 अंक से हराया। उदयपुर ने रोमांचक मुकाबले में डूंगरपुर को 1 अंक से मात दी।
बालिका वर्ग में बूंदी को खैरथल-तिजारा के खिलाफ, पाली को बांसवाड़ा के खिलाफ और बाड़मेर को बारां के खिलाफ वॉकओवर मिला। साथ ही सीकर, सिरोही, धौलपुर व बीकानेर की टीमों को भी वॉकओवर अंक प्राप्त हुए।
मीडिया एवं खेल प्रभारी (शारीरिक शिक्षक) शफी मोहम्मद ने जानकारी दी कि बालक एवं बालिका वर्ग के सभी लीग मैच सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। दोनों वर्गों में अपने-अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली 8-8 टीमों ने सुपर लीग में जगह पक्की कर ली है।
सुपर लीग के लिए चयनित 8 टीमों को चार-चार के दो ग्रुपों में बांटा गया है। प्रतियोगिता के अगले दौर के सुपर लीग मुकाबले 5 अक्टूबर को प्रातः 8:00 बजे से शुभम् मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिंडौन-करौली बाईपास, गंगापुर सिटी के खेल मैदान पर खेले जाएंगे। लीग चरण के बाद अब प्रतियोगिता के अगले दौर में शीर्ष टीमों के बीच मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा।