तस्वीर में विद्या भारती का लोगो दिखाई दे रहा है, जिसके ऊपर 'सा विद्या या विमुक्तये' और नीचे 'विद्या भारती' लिखा है।   

बारां/उदयपुर। विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत का प्रांतीय प्रबंध समिति सम्मेलन 4 से 6 अक्टूबर तक विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, हिरण मगरी सेक्टर-4, उदयपुर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रांत, जिला एवं विद्यालय स्तर की प्रबंध समितियों के पदाधिकारी सहभागी रहेंगे।

विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष ललित प्रकाश शर्मा एवं प्रांत मंत्री डॉ. सुरेंद्र कुमार अरोड़ा ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विद्यालयों के शैक्षिक विकास, प्रबंध समितियों की सक्रिय भूमिका, संगठनात्मक कार्यों के विस्तार तथा शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को गति प्रदान करना है।

सम्मेलन में विद्या भारती के अखिल भारतीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय अधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। विभिन्न सत्रों में विद्यालयों के संचालन, प्रबंधकीय दायित्वों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रांत सचिव मानेंगे पटेल ने बताया कि सम्मेलन का समापन 6 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे होगा। रविवार को क्षेत्र प्रचारक प्रमुख नवीन कुमार झा के मार्गदर्शन में पत्रकार वार्ता भी होगी।

Tags: