बारां डोल मेले में नेहा सिंग के 20 बॉलीवुड गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक
बारां के ऐतिहासिक डोल मेले में मंगलवार रात सांस्कृतिक संध्या में नेहा सिंग ने करीब 20 नॉनस्टॉप बॉलीवुड गीत पेश किए। मुकेश शर्मा के सदाबहार नगमों और आरबीएम ग्रुप की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
तस्वीर में बारां के डोल मेला रंगमंच पर मंच पर प्रस्तुति देते कलाकार नजर आ रहे हैं।
बारां। जिला मुख्यालय पर आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले के रंगमंच पर मंगलवार रात अनंत इवेंट के सहयोग से आयोजित रंगीन सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मध्यरात्रि तक बांधे रखा। रोशनी से जगमगाते मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच युवा ही नहीं, हर उम्र के दर्शक गीतों की धुन पर झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति वंदना के साथ हुआ। इसके बाद दिल्ली से आईं सिंगर नेहा सिंग ने नॉनस्टॉप बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति शुरू की। उन्होंने एक के बाद एक करीब 20 फिल्मी गीत लगातार प्रस्तुत किए। गीतों की धुन और प्रस्तुतियों के साथ दर्शक देर रात तक मनोरंजन में डूबे रहे।
सिंगर मुकेश शर्मा ने पुराने सदाबहार नगमों की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक संध्या को आगे बढ़ाया। “जिंदगी और बता, तेरा इरादा क्या है...” जैसे संजीदा गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कई दर्शक गीतों के साथ गुनगुनाते नजर आए।
भोपाल से आए आरबीएम ग्रुप के कलाकारों साक्षी श्रीवास्तव, रेखा एवं साथी कलाकारों ने फिल्मी गीतों पर आकर्षक चित्रहार प्रस्तुत किया। उनकी नृत्य प्रस्तुतियों और गीत-संगीत के तालमेल को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम के आरंभ में डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने कलाकारों सहित लोकेश मीणा, दीपक शाक्यवाल, जयप्रकाश, अज्जू शर्मा सहित विभिन्न गणमान्य नागरिकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
डोल मेला रंगमंच के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।
डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने बताया कि गुरुवार रात डोल मेला रंगमंच पर अखिल भारतीय मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के जाने-माने शायर इस्माइल नजर, नूर धौलपुरी, नासिर फ़राज़, असरदार चंदेवरी, डॉ. जलीलुर्रहमान, शऊर आसना, नैना नसीब, सरिता जैन और रजा बड़नवेरी शिरकत करेंगे। शेरो-शायरी की इस महफिल को लेकर मेले में खासा उत्साह है।