बारां पहुंची जल जन सेवा संकल्प यात्रा, धान मंडी में हुआ किसान संवाद
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर निकाली जा रही यात्रा का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और जल-पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा की।
बारां की धान मंडी में किसान सेवा संवाद कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते वक्ता और उपस्थित लोग।
बारां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘वडनगर से वाराणसी एवं वाराणसी से वडनगर—जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ के बारां पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के शहर में प्रवेश के दौरान प्रताप चौक पर विधायक राधेश्याम बैरवा एवं शहर अध्यक्ष ओपी पारेता की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण के साथ यात्रियों का स्वागत-सत्कार किया।
प्रताप चौक पर यात्रा के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने सेवा, जनसहभागिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस अभियान का स्वागत करते हुए यात्रा में शामिल सदस्यों का अभिनंदन किया। इसके बाद यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धान मंडी बारां पहुंची, जहां किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
किसान संवाद कार्यक्रम में यात्रा से जुड़े सदस्यों ने किसानों के साथ सीधे संवाद करते हुए कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। जल संरक्षण, कृषि में जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा किसानों की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श हुआ। किसानों ने भी कृषि क्षेत्र से जुड़े अपने अनुभव एवं स्थानीय विषयों को साझा किया।
कार्यक्रम में किसानों और कार्यकर्ताओं ने सेवा एवं जनसहभागिता के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि जल, जन और सेवा से जुड़े विषय ग्रामीण जीवन और कृषि व्यवस्था से सीधे जुड़े हैं तथा इनके संरक्षण एवं संवर्धन में समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा, यात्रा प्रभारी हरीश शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री महावीर सिंह हाड़ा, जिला संयोजक मुकेश केरवालिया, शहर अध्यक्ष ओ पी पारेता, मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी, सेवा यात्री शिवेंद्र सिंह, मोनू कटारे, गौरव अग्रहरि, सिमरन दास, शिवांग त्रिपाठी, रॉबिन परिहार, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री रमेश गुर्जर, हरीश शर्मा, योगेश यादव, भगवती बैरवा, महेश यादव, उमाशंकर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। साथ ही भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सेवा, संवाद, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश लेकर चल रही यह यात्रा बारां जिले में विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रही है। यात्रा के दौरान स्थानीय स्तर पर सामाजिक सहभागिता और सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।