बारां: महिला चौपाल ने नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति शालिनी राठौर का किया अभिनंदन
30 से अधिक महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पेयजल, सफाई और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग रखी।
तस्वीर में नगर परिषद कार्यालय में माला पहने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ खड़ी महिलाएं।
बारां। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से गठित ‘महिला चौपाल’ समूह की ओर से नगर परिषद की नव निर्वाचित सभापति शालिनी राठौर एवं उप सभापति तेजस सुमन का नागरिक अभिनंदन किया गया। चौपाल की संयोजिका नीता शर्मा के नेतृत्व में 30 से अधिक महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद कार्यालय पहुंचा और दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ, फूलों की माला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
महिलाओं ने सभापति शालिनी राठौर एवं उप सभापति तेजस सुमन को निर्वाचन पर बधाई देते हुए शहर के सर्वांगीण विकास के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अभिनंदन समारोह के दौरान महिला चौपाल की सदस्याओं ने शहर के विभिन्न वार्डों में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर नगर परिषद का ध्यान आकर्षित किया और मूलभूत नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई तथा प्रमुख चौराहों और कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइटों के सुचारू संचालन से जुड़े मुद्दे उठाए। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से आमजन को राहत मिल सकेगी।
महिला चौपाल की ओर से दिए गए ज्ञापन और रखे गए सुझावों को सभापति शालिनी राठौर एवं उप सभापति तेजस सुमन ने गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर परिषद शहर के विकास और समस्याओं के निस्तारण को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे तथा महिलाओं द्वारा रेखांकित की गई प्राथमिक समस्याओं का शीघ्र और उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
नागरिक अभिनंदन के लिए पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में वार्ड 32 से बेबी जंगम, बबीता, पंकज, मीना शर्मा, गिरजा शर्मा, विनीता, दीपा पंकज, सीता गुज्जर, हर्ष शर्मा, प्रीति, तपस्या, अंजना, बबली, अर्चना, अंजु और सुनीता वार्ड 37 से, नीता शर्मा, डिम्पल जयंत, प्रेमलता ओझा, शालिनी विजय, चारु सिंह, गिनता मीणा वार्ड 8 तथा वार्ड 34 से अंजू जयंत मुख्य रूप से शामिल हुईं।