तस्वीर में बारां के एक राजकीय विद्यालय में ‘कॉफी की मेज पर मतदान की चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं और शिक्षक नजर आ रहे हैं।   

बारां में राष्ट्रीय कॉफी दिवस के अवसर पर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और नवमतदाताओं में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘कॉफी की मेज पर मतदान की चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में चल रहे स्वीप कार्यक्रम के तहत गुरुवार को कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों ने कॉफी के साथ लोकतंत्र की तरोताजगी और मतदान के उपयोग पर चर्चा की।

कार्यक्रम में चर्चा के दौरान कहा गया कि जागरूक मतदाता का वोट देश की दिशा और लोकतंत्र की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। युवाओं से अपने मताधिकार को समझने, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा मतदान के समय बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा भेदभाव के अपने विवेक से मतदान करने का मंत्र दिया गया।

विद्यार्थियों ने समूहों में ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’, ‘मतदान और लोकतंत्र’ तथा ‘नैतिक मतदान’ विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान मतदाता बनने की पात्रता, मतदाता पंजीयन, मतदान के लिए आवश्यक पहचान दस्तावेज, ईवीएम एवं नोटा, केवाईसी तथा सी-विजिल एप्लीकेशन सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर समूह चर्चा हुई। प्रत्येक समूह के प्रतिनिधि ने चर्चा के निष्कर्ष प्रस्तुत किए।

प्रधानाचार्य कुलदीप शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्टाफ सदस्य संतोष जैन, रेखा व्यास, सुनील मेहता, तेजराम मीणा, महेश मेहता और अब्दुल हमीद ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में उनके पंजीयन की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर ऑनलाइन पंजीयन एवं निर्वाचन संबंधी सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन से लेकर मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूक भागीदारी के लिए निर्वाचन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।

Tags: