तस्वीर में मंच पर गायक हाथ उठाकर भजन गा रहे हैं और सामने लोग देख रहे हैं।   

बारां। डोल मेला रंगमंच गुरुवार रात श्याम भक्ति के रंग में रंग गया। दिल्ली से आए प्रसिद्ध भजन गायक नरेश सैनी ने बाबा श्याम के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा पांडाल देर रात तक भक्तिरस में डूबा रहा। भजनों की स्वर लहरियां गूंजते ही श्रोता अपने स्थानों पर खड़े होकर झूमने लगे और जगह-जगह श्याम ध्वज लहराते नजर आए।

अनंत इवेंट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ तनीश भटनागर ने गणेश वंदना के साथ किया। इसके बाद नरेश सैनी ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए एक के बाद एक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘मेरे श्याम तुझे अपने दिल की अभी बात बताना बाकी है’ और ‘बाबा कृपा लुटाने लगा है, मुझको खाटू बुलाने लगा है’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पंडाल में बार-बार ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे गूंजते रहे।

भजन गायिका दीपिका ने भी अपनी प्रस्तुतियों से भक्ति संध्या में चार चांद लगा दिए। ‘बांस की बांसुरिया पे घणो इतरावे...’, ‘मेरी गाड़ी, मेरा बंगला, सब तेरो है सांवरिया सेठ, मेरो तो कुछ भी नहीं...’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रोता झूमने और नृत्य करने लगे। भक्ति गीतों के साथ उन्होंने श्याम बाबा के प्रति श्रद्धा, समर्पण और विश्वास का संदेश भी दिया।

दस साल की रिद्धिका ने भी जीता दिल

डोल मेला रंगमंच के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि कार्यक्रम में मंच पर दस वर्षीय नन्ही बालिका रिद्धिका ने खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। नन्ही कलाकार की प्रस्तुति पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक उसका हौसला बढ़ाया। मंच पर बाबा श्याम का आकर्षक दरबार भी सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

आयोजन के दौरान बच्चों से लेकर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग तक हर उम्र के लोग भक्ति गीतों में रमते नजर आए। श्याम बाबा के भजनों के दौरान माहौल ऐसा बना कि पूरा मेला परिसर श्याम भक्ति में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने कलाकारों के साथ पार्षद ऋषि सोन, गजेंद्र राठौर, दौलत यादव तथा धाकड़ छात्र परिषद के सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

दंगल का होगा आयोजन

डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर रंगमंच पर दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

लक्ष्मण वर्मा सागर, डोल मेला मीडिया प्रभारी, बारां।

Tags: