तस्वीर में एटा के अस्पताल के बाहर स्ट्रेचर पर लेटा हुआ घायल युवक दिखाई दे रहा है, जिसके पास पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौजूद हैं।

एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र में जलेसर-अवागढ़ मार्ग पर नगला गरीबा के समीप गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, खुशरई निवासी पवन कुमार (38) पुत्र बलबीर अपने भतीजे हरदयाल (20) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर गुदाऊ, थाना जलेसर निवासी मोहित पुत्र देवेंद्र (24) सवार था। आमने-सामने हुई टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।



हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अवागढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को एटा के मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के दौरान पवन कुमार और मोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल हरदयाल को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

अवागढ़ थाना प्रभारी प्रेम पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन बदहवास हालत में एटा मोर्चरी पहुंचे। दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एटा आरटीओ से लाइसेंस रिन्युअल कराकर लौट रहा था मोहित

मृतक मोहित के पिता देवेंद्र ने बताया कि उनका बेटा लाइसेंस रिन्युअल कराने के लिए एटा आरटीओ कार्यालय गया था। लाइसेंस का रिन्युअल कराने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई और हादसे में उसकी मौत हो गई।

ईंट भट्ठे पर काम करता था पवन

मृतक पवन के भाई शंकर पाल सिंह ने बताया कि पवन ईंट भट्ठे पर काम करता था। वह अपने भतीजे हरदयाल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में पवन की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा हरदयाल घायल हो गया।

थाना प्रभारी अवागढ़ प्रेम पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ और दोनों बाइकों की गति कितनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Tags: