तस्वीर में ब्रजघाट क्षेत्र में नगर पालिका प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बुलडोजर से अवैध टिनशेड और कब्जे हटाए जाते हुए देखे जा सकते हैं।

गंगा नगरी ब्रजघाट में गुरुवार को नगर पालिका प्रशासन ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर की गई कार्रवाई में गंगा तट के आसपास किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। बुलडोजर की मदद से नवनिर्मित पार्क, गंगा घाट पार्किंग और श्मशान घाट क्षेत्र में अवैध दुकानों व कब्जों को हटाकर संबंधित स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नगर पालिका कर्मचारी चीनीपाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से नवनिर्मित पार्क के आसपास किए गए व्यावसायिक अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। गंगा घाट पार्किंग स्थल पर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों को भी हटाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को वाहन खड़े करने में परेशानी न हो।

अभियान के तहत श्मशान घाट क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। घाट के रास्ते और आसपास के मार्ग को पूरी तरह खाली कराया गया। नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सफाई नायकों और कर्मचारियों की टीम मौके पर मुस्तैद रही।

कार्रवाई में सफाई नायक मांगे सिंह, सुनील कुमार और राजीव चौहान सहित नगर पालिका के समस्त सफाई कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने विभिन्न स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर सार्वजनिक क्षेत्रों को खाली कराया।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कर्मचारी चीनीपाल के अनुसार तीर्थ नगरी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आने वाले दिनों में बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत तार गली, आरती स्थल, पार्किंग और फवारा चौक सहित प्रमुख स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाना तय है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। कार्रवाई से घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम और गंदगी से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Tags: