पुलिस के पहरे के बीच बुलेट से बदनौली पहुंचे सपा नेता असलम चौधरी, परिवार से मिले
हापुड़ के बदनौली गांव में गोलीकांड के मृतक दीपक के परिवार से मिलने सपा नेता असलम चौधरी पुलिस को चकमा देकर बुलेट से पहुंचे।
तस्वीर में ग्रामीण और लोग फर्श पर बिछी चादर पर बैठकर बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बदनौली गांव में गोलीकांड में जान गंवाने वाले युवक दीपक के पीड़ित परिवार से मिलने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव और पूर्व विधायक असलम चौधरी भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच गांव पहुंच गए। इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने गांव में सख्त घेराबंदी कर रखी थी। इसके बावजूद असलम चौधरी बुलेट मोटरसाइकिल से पुलिस को चकमा देते हुए बदनौली गांव पहुंच गए।
बाइक से अचानक गांव पहुंचे पूर्व विधायक को देखकर वहां तैनात पुलिस बल भी हैरान रह गया। असलम चौधरी सीधे मृतक दीपक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार का ढांढस बंधाया, उनकी समस्याएं सुनीं और इस दुख की घड़ी में हरसंभव साथ निभाने का भरोसा दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार की कुछ आर्थिक सहायता भी की है।
गौरतलब है कि हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद एक समुदाय के युवक दीपक की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद से गांव में भारी तनाव व्याप्त है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ऐसे में पुलिस के कड़े पहरे के बीच सपा नेता असलम चौधरी का बुलेट से गांव पहुंचकर मृतक के परिवार से मिलना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।