तस्वीर में गांधी बाजार के पास सड़क किनारे बने खुले नाले का सीसीटीवी फुटेज दिखाई दे रहा है।

हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मुख्य गांधी बाजार में सड़क किनारे खुले पड़े गहरे नाले में एक व्यक्ति के अचानक गिरने की घटना सामने आई है। व्यक्ति के नाले में गिरते ही बाजार में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार के बीच आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना बाजार में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, व्यक्ति गांधी बाजार से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खुले पड़े गहरे नाले में वह अचानक जा गिरा। नाले में गिरते ही बाजार में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। व्यक्ति को नाले में डूबता देखकर आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए उसकी मदद शुरू कर दी।

मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को नाले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते लोगों की नजर उस पर पड़ जाने से उसकी जान बच गई।

बाजार में लगे एक CCTV कैमरे में यह पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में दिखाई देता है कि एक आम राहगीर बाजार से गुजर रहा था और अचानक पैर फिसलने या ध्यान न रहने के कारण सीधे खुले नाले के अंदर जा गिरा। घटना का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों में पिलखुवा नगर पालिका के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार होने के बावजूद लंबे समय से इस गहरे नाले को खुला छोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की इस लापरवाही के चलते व्यक्ति की जान भी जा सकती थी।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में मौजूद सभी खुले नालों को जल्द से जल्द ढका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Tags: