लखनऊ। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शाहजहांपुर को 10 में से 9.53 अंक मिले हैं। रामपुर 9.48 अंक के साथ दूसरे और बरेली 9.43 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण, बेहतर फीडबैक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधारात्मक पहल को इन जिलों की उपलब्धि का आधार बताया गया है।

योगी सरकार की ओर से पिछले साढ़े नौ वर्षों से प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। रामपुर, शाहजहांपुर और बरेली के जिलाधिकारियों ने बताया कि जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण, बेहतर फीडबैक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधारात्मक पहल के चलते जिलों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड की रिपोर्ट उन जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है, जिन्होंने प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शाहजहांपुर में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही सीएम डैशबोर्ड के जरिये मिलने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीएम डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग में शाहजहांपुर को 10 में से 9.53 अंक प्राप्त हुए। इसके साथ ही शाहजहांपुर ने प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन कई मानकों के आधार पर किया जाता है। इसमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे पहलू शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की 68 योजनाओं की मॉनीटरिंग की गई। इनमें से 65 कार्यक्रमों में जिले ने ए ग्रेड प्राप्त किया।

रामपुर ने वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि विभाग, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, नियोजन विभाग, ग्राम्य विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य विभाग, उद्योग विभाग, सहकारिता एवं सिंचाई के कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्यों को प्राप्त करते हुए ए श्रेणी हासिल की है। सीएम डैशबोर्ड की अगस्त की रैंकिंग में रामपुर को 10 में से 9.48 अंक मिले। इसके साथ ही रामपुर ने एक बार फिर सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। रामपुर पिछले कई माह से सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में टॉप टेन जिलों में बना हुआ है।

वहीं, बरेली ने 9.43 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। अगस्त माह की रैंकिंग में अन्य जिलों ने भी शीर्ष 10 में जगह बनाई। आजमगढ़ और पीलीभीत ने बराबर-बराबर 9.36 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया। मैनपुरी 9.34 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

महराजगंज ने 9.27 अंक प्राप्त कर छठवां, अंबेडकरनगर ने 9.26 अंक के साथ सातवां, सुल्तानपुर ने 9.24 अंक के साथ आठवां और हरदोई ने 9.23 अंक के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया। सोनभद्र ने 9.21 अंक हासिल कर टॉप टेन में जगह बनाई। अगस्त की यह रैंकिंग प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों, राजस्व प्रबंधन, जनशिकायतों के निस्तारण, फीडबैक और योजनाओं के क्रियान्वयन के स्तर पर जिलों के प्रदर्शन को दर्शाती है।

Tags: