घूंघट में चेहरा, हाथ में पालिका की कमान; ललिता देवी ने संभाला अध्यक्ष का पदभार
टोडाभीम में ललिता देवी ने घूंघट में नगरपालिका अध्यक्ष का पदभार संभाला, वहीं महिला पार्षदों के सम्मान में पति-परिजन आगे नजर आए।
तस्वीर में घूंघट में बैठी महिला अधिकारी कार्यालय में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते हुए दिखाई दे रही हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद ललिता देवी ने बुधवार को पालिका कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण के दौरान उनका पारंपरिक अंदाज चर्चा का विषय रहा। ललिता देवी ने घूंघट की ओट में अध्यक्ष की कुर्सी संभाली और औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान समर्थकों और पालिका कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण के दौरान घूंघट में चेहरा और हाथ में पालिका की कमान का दृश्य लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना रहा। समर्थकों ने कहा कि अब घूंघट की ओट से शहर के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर नई पारी की शुरुआत होगी। अध्यक्ष ललिता देवी ने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी और शहर के विकास के लिए प्राथमिकता से काम करेंगी।
इधर, पालिका सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में एक और दृश्य चर्चा का विषय बना रहा। नवनिर्वाचित महिला पार्षदों के स्थान पर कई जगह उनके पति व अन्य परिजनों का स्वागत किया गया। महिला पार्षदों ने जनता की सेवा और जिम्मेदारियां संभालने की शपथ ली, लेकिन सम्मान की बारी आई तो तस्वीर कुछ अलग नजर आई।
समारोह में महिला पार्षदों के सम्मान की तैयारी थी, लेकिन स्वागत-सम्मान के दौरान उनके पति और परिजन आगे दिखाई दिए। इसे देखकर समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चाएं शुरू हो गईं। किसी ने इसे परंपरा बताया तो किसी ने महिलाओं को मिले राजनीतिक प्रतिनिधित्व के बीच पुरुषों की मौजूदगी पर सवाल उठाए।
नगरपालिका में इस बार महिलाओं की भागीदारी प्रमुख है। ऐसे में उम्मीद थी कि चुनाव जीतकर आईं महिला जनप्रतिनिधियों को ही मंच पर सम्मान मिलेगा। मगर कई मौकों पर महिला पार्षद के बजाय महिला पार्षदों के पति व अन्य परिजन आगे नजर आए। यानी वोट महिला के नाम पर, शपथ महिला की और जिम्मेदारी भी महिला की, लेकिन स्वागत की बारी आई तो पति व परिजनों ने बाजी मार ली।
दिनभर पालिका परिसर में घूंघट में अध्यक्ष की कुर्सी संभालने और महिला पार्षदों की जगह उनके परिजनों के सम्मान का यह दृश्य चर्चा का विषय बना रहा। इस अवसर पर पालिका उपाध्यक्ष देवीसिंह मीना, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष मोहम्मद इसहाक, पूर्व सरपंच राजकुमार बैरवा, मुरली बैरवा, हरिसिंह बैरवा, मनोज ठेकेदार, गंगाराम बैरवा, राजकुमार राजावत, दिनेश बड़ापुरा, अभिराज मीना, सुभाष गुप्ता सहित नवनिर्वाचित पार्षद व कस्बे के लोग मौजूद रहे।