सवाई माधोपुर: राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित
समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्साधिकारियों और कार्मिकों को सम्मानित किया गया तथा स्वास्थ्य योजनाओं पर जोर दिया गया।
तस्वीर में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस समारोह के मंच पर एक वक्ता लोगों को संबोधित कर रहे हैं।
आयुर्वेद विभाग सवाई माधोपुर की ओर से 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितम्बर को जिला कार्यालय में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ भगवान धनवंतरी के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भविष्य के लिए पारंपरिक आयुर्वेद पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व अतिरिक्त निदेशक डॉ. ब्रजबल्लभ शर्मा ने ‘एक स्वास्थ्य, एक भविष्य’ विषय पर साक्ष्य आधारित आयुर्वेद, नवाचार एवं समग्र स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने जन-जन के स्वास्थ्य संवर्धन में आयुर्वेद की उपयोगिता एवं प्रासंगिकता की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. भीम सिंह मीना ने की। उन्होंने आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसी योजनाओं को गति देने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
समारोह में वर्षभर उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले आयुर्वेद चिकित्साधिकारियों, नर्स/कंपाउंडरों एवं मंत्रालयिक कार्मिकों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक डॉ. पुरुषोत्तम गौतम ने किया। आयोजन में आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना कुश्तला के प्रभारी डॉ. विजय शंकर बैरवा, डॉ. राजेंद्र कुमार शर्मा एवं डॉ. श्रीबल्लभ गौतम का विशेष सहयोग रहा।