सवाई माधोपुर: मलारना डूंगर सेवा सेतु शिविर में 117 प्रकरणों का निस्तारण
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित शिविर में 119 में से 117 समस्याओं का मौके पर समाधान कर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
तस्वीर में मलारना डूंगर शिविर में अधिकारी लाभार्थी को प्रतीकात्मक चाबी सौंपते हुए।
सवाई माधोपुर, 23 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पंचायत समिति मलारना डूंगर में बुधवार को आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। विभिन्न विभागों से संबंधित 119 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 117 प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया। इससे ग्रामीणों को विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हुआ।
शिविर में राजस्व विभाग के 33, पंचायतीराज के 7, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के 3, कृषि के 24, विद्युत के 4, जलदाय के 2, स्वास्थ्य के 20, पशुपालन के 5, विकसित एवं स्वच्छ स्वास्थ्य के 15 तथा अन्य विभागों के 6 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण शिविर में ही कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी अब्दुल कलाम निवासी ग्राम मलारना डूंगर ने बताया कि वे पहले कच्चे मकान में निवास करते थे। सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने से उनका पक्का मकान बनाने का सपना पूरा हुआ। उनकी पत्नी रेशमा बेगम के नाम से स्वीकृति जारी होने के बाद आवास निर्माण कार्य पूरा कराया गया। लाभार्थी ने इस सहायता के लिए राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया। सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के पुराने लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।