सवाई माधोपुर में बड़नगर से वाराणसी बाइक यात्रा का होगा प्रवेश, ये है पूरा शेड्यूल
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर निकली यात्रा 26 और 27 सितंबर को जिले में रहेगी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गौसेवा और स्वच्छता अभियान के आयोजन होंगे।
सवाई माधोपुर जिले में 26 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रवाना हुई “बड़नगर से वाराणसी बाइक यात्रा” का प्रवेश होगा। यात्रा क्रमांक 13 श्योपुर-सवाई माधोपुर सीमा स्थित पाली ब्रिज, खंडार से जिले में प्रवेश करेगी, जबकि यात्रा क्रमांक 02 करौली-सवाई माधोपुर सीमा से गंगापुर सिटी में प्रवेश करेगी। यात्रा के स्वागत, रात्रि पड़ाव और ठहराव के लिए भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था टोली बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं यात्रा के जिला संयोजक मुरली गौतम ने बताया कि जिला प्रभारी हर्ष शर्मा के निर्देशानुसार यात्रा क्रमांक 13 की व्यवस्थाओं के लिए दिवस प्रभारी चेतन शर्मा और दिवस संयोजक पुष्पेन्द्र मित्तल को नियुक्त किया गया है।
यात्रा क्रमांक 13 26 सितंबर को श्योपुर बॉर्डर से खंडार पाली ब्रिज पर प्रवेश करेगी। यहां खंडार विधायक जितेन्द्र गोठवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में भाजपा और युवा मोर्चा कार्यकर्ता पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन करेंगे और उसकी अगुवाई करेंगे। इसके बाद यात्रा पाली ब्रिज से बहरावंडा पहुंचेगी, जहां भाजपा छाण मंडल अध्यक्ष पुष्पेन्द्र मित्तल एवं कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद यात्रा छाण पहुंचेगी, जहां भव्य स्वागत के साथ ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन होगा। यहां से यात्रा सवाई माधोपुर शहर के लिए रवाना होगी। शहर में शहर मंडल अध्यक्ष कपिल जैन के नेतृत्व में खंडार बस स्टैंड तिराहे पर यात्रा का भव्य अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद यात्रा जगह-जगह स्वागत के बीच रणथंभौर रोड स्थित होटल सिद्धि विनायक पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम रहेगा।
यात्रा जिला संयोजक मुरली गौतम ने बताया कि रात्रि में भोजन के बाद राजस्थानी परिवेश में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें सभी सेवा यात्री भाग लेंगे। दूसरे दिन 27 सितंबर को सेवा यात्रियों द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम एवं पौधारोपण किया जाएगा। इसके बाद यात्रा विश्राम स्थल से रवाना होकर कुस्तला गौशाला पहुंचेगी। रास्ते में बम्बोरी चौराहे पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया जाएगा।
कुस्तला गौशाला में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनराज गुर्जर के नेतृत्व में यात्रा का अभिनंदन होगा। इसके बाद सेवा यात्रियों द्वारा गौसेवा की जाएगी और यात्रा आगे के जिले के लिए प्रस्थान करेगी।
इसी क्रम में यात्रा क्रमांक 02 27 सितंबर 2026 को करौली-सवाई माधोपुर जिले की सीमा से गंगापुर सिटी में प्रवेश करेगी। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ता यात्रा का भव्य अभिनंदन कर अगुवाई करेंगे। गंगापुर सिटी में यात्रा का ठहराव रहेगा। इस दौरान सेवा यात्रियों का स्वागत, जलपान, भोजन एवं लाभार्थियों से संवाद का कार्यक्रम रहेगा।
इस प्रकार 26 और 27 सितंबर को सवाई माधोपुर जिले में यात्रा क्रमांक 13 और यात्रा क्रमांक 02 के प्रवेश, स्वागत, रात्रि पड़ाव, ठहराव, स्वच्छता कार्यक्रम, पौधारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गौसेवा और लाभार्थियों से संवाद के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।