तस्वीर में वतन फाउंडेशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति माइक पर बोलते हुए नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर आगामी 15 अक्टूबर 2026 को कलाम रत्न अवार्ड 2026 समारोह आयोजित किया जाएगा। वतन फाउंडेशन, सवाई माधोपुर की ओर से आयोजित होने वाले इस समारोह में सरकारी विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को कलाम स्कॉलरशिप प्रदान करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को कलाम रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन को लेकर बुधवार, 23 सितंबर को मानटाउन क्लब, सवाई माधोपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें वतन फाउंडेशन के प्रवक्ता मोइन खान ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी।

वतन फाउंडेशन फाउंडर हुसैन आर्मी ने बताया कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने अपने जीवन में शिक्षा, विज्ञान, युवाओं और राष्ट्र निर्माण को विशेष महत्व दिया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए इस आयोजन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करना है।

समारोह में सवाई माधोपुर जिले के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 10 तथा कक्षा 12 के विभिन्न संकायों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को 5,000 रुपये की एकमुश्त राशि कलाम स्कॉलरशिप के रूप में प्रदान की जाएगी।

फाउंडेशन संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

संगठन सचिव राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने के साथ उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि अन्य विद्यार्थी भी शिक्षा और मेहनत के प्रति प्रेरित हों।

महिला विंग प्रमुख रोमा नाज़ ने बताया कि समारोह में सवाई माधोपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रतिभाओं को «कलाम रत्न» सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

वतन फाउंडेशन की ओर से शिक्षा, सामाजिक सेवा, चिकित्सा, खेल, कला-संस्कृति, साहित्य, प्रशासन, उद्योग, पत्रकारिता, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य जिले में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को सार्वजनिक मंच प्रदान करना तथा उनकी उपलब्धियों से नई पीढ़ी को प्रेरणा देना है।

हुसैन आर्मी ने कहा कि वतन फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कलाम रत्न अवार्ड 2026 को केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित न रखते हुए शिक्षा, प्रतिभा, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने वाले आयोजन के रूप में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से विशेष रूप से विद्यार्थियों को यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर हर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वतन फाउंडेशन प्रवक्ता मोइन खान ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से आयोजन को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने तथा कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। साथ ही जिले के नागरिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कलाम रत्न अवार्ड 2026 को सफल बनाने में सहयोग और सहभागिता की अपील की गई।

Tags: