सवाई माधोपुर: विकसित भारत जन सेवा शिविर में ग्रामीणों को बांटे पट्टे
पंचायत समिति सभागार में आयोजित शिविर में 22 विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन लिए गए और पात्र लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए गए।
तस्वीर में सवाई माधोपुर पंचायत समिति सभागार में जन सेवा शिविर के दौरान बैठक करते अधिकारी।
सवाई माधोपुर, 17 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पंचायतीराज विभाग की ओर से सवाई माधोपुर पंचायत समिति सभागार में बुधवार को गम्भीरा, घमूण कला, इटावा, रामड़ी, जीनापुर, बोरिफ, सवाईगंज, पचीपल्या एवं आटून कलां ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए पंचायत समिति सेवा शिविर आयोजित किया गया। खण्ड विकास अधिकारी रमेश मीना के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने उत्साह से भागीदारी की और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किए।
खण्ड विकास अधिकारी रमेश मीना ने बताया कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कार्मिक ग्रामीणों को सरकार की जन कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी साझा कर रहे हैं तथा पात्र लोगों को इनका लाभ वितरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बुधवार को कई ग्रामीणों को आवासीय भू-खण्डों के पट्टे सहित अन्य लाभ वितरित किए।
उपस्थित अधिकारियों-कार्मिकों तथा ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए खण्ड विकास अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के सुशासन के मंत्र को साकार करने के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जन सेवा अभियान के तहत आयोजित पंचायत समिति सेवा शिविरों में जिला स्तर के 22 विभाग ग्रामीणों को अपनी योजनाओं की जानकारी, पात्रता के विवरण तथा लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन आदि साझा कर रहे हैं।
शिविरों में मुख्य रूप से ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभागों की व्यक्तिगत शौचालय और सामुदायिक शौचालय निर्माण योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजीविका समूहों के गठन और ऋण वितरण संबंधित लाभों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही राजस्व से जुड़े नामांतकरण, बटवारा, सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी आदि से जुड़े कार्यों के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं।
पंचायत समिति सेवा शिविरों में मुख्यमंत्री मंगला पशु स्वास्थ्य बीमा, पशुओं के टीकाकरण, फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सत्यापन तथा एनएफएसए के लाभार्थियों की ई-केवाईसी से संबंधित कार्य भी सम्पादित किए जा रहे हैं। इस तरह शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी के साथ पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी उपलब्ध कराई जा रही है।
फोटो कैप्शन:- 23 पीआरओ 3 एवं 4 सरकार की जन कल्याणकारी, विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते खण्ड विकास अधिकारी रमेश मीना।
फोटो कैप्शन:- 23 पीआरओ 5 एवं 6 शिविर के दौरान लाभार्थियों को लाभ वितरण करते अधिकारी।