सवाई माधोपुर: 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' अभियान के तहत स्वच्छता और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नगर परिषद और पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल से ऐतिहासिक और सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
तस्वीर में सवाई माधोपुर में विकसित भारत अभियान का बैनर पकड़े हुए लोग दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम के माध्यम से गुरुवार को स्वच्छता, जन-जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। नगर परिषद सवाई माधोपुर एवं पर्यटन विभाग की ओर से नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों पर रंगोली सहित रचनात्मक और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के तहत शहर के गलता मंदिर, घाटीला बालाजी, चमत्कारेश्वर मंदिर, अलनपुर सर्किल एवं दशहरा मैदान सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित हुईं। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी अभियानों की थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं।
रंगोलियों के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल सेवाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। रंगोली कार्यक्रम के जरिए योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल एवं रचनात्मक तरीके से पहुंचाने के साथ “सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी” का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नगर परिषद द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ आमजन को सरकारी योजनाओं एवं जनहितकारी गतिविधियों से जोड़ना है।
अभियान के तहत 11 अक्टूबर, 2026 को विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के स्वच्छता, जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।