गंगापुर सिटी में 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' थीम पर बनी रंगोली, स्वच्छता संदेश दिया
नगर परिषद् ने स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर रंगोली के माध्यम से कचरा प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
तस्वीर में विद्यार्थी बैनर और रंगोली के पास खड़े होकर जनजागरूकता का संदेश दे रहे हैं।
स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर, राजस्थान द्वारा जारी निर्देशों एवं जिला कलेक्टर के आदेशानुसार स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 एवं विकसित भारत जन सेवा अभियान के अंतर्गत नगर परिषद् गंगापुर सिटी द्वारा “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” थीम पर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर रंगोली निर्माण एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर परिषद् गंगापुर सिटी की टीम ने नगर परिषद् परिसर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, डी.एस. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित नगर के अन्य प्रमुख स्थानों पर आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों का निर्माण किया। इन रंगोलियों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों, स्वच्छता एवं नागरिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।
रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता के महत्व, कचरे के उचित निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थानों एवं स्वच्छ नगर निर्माण के प्रति भी नागरिकों को जागरूक किया गया।
नगर परिषद् की टीम ने विद्यार्थियों एवं नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नागरिकों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
इस गतिविधि के माध्यम से स्थानीय कला एवं रचनात्मकता को स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं, स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम एवं जनभागीदारी का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। नगर परिषद् गंगापुर सिटी ने नागरिकों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा पात्र होने पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित गंगापुर सिटी के निर्माण में सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।