तस्वीर में नगर परिषद के कर्मचारी सड़क पर स्वच्छता अभियान का बैनर पकड़े खड़े हैं।   

सवाई माधोपुर, 24 सितम्बर। स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन का संदेश देने के उद्देश्य से नगर परिषद सवाई माधोपुर की ओर से रणथंभौर सर्किल से राजकीय महाविद्यालय तक जनजागरण रैली निकाली गई। भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं जन सेवा अभियान’ के तहत आयोजित इस गतिविधि में लोगों को खुले में कचरा नहीं डालने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 की पालना के लिए जागरूक किया गया।

नगर परिषद सवाई माधोपुर द्वारा अभियान के तहत शहर में स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत 17 अक्टूबर तक स्वच्छता लक्षित इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को रणथंभौर सर्किल एवं टोंक बस स्टैंड-बजरिया मार्केट क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। नगर परिषद की टीम ने आमजन एवं दुकानदारों को खुले में कचरा नहीं डालने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 की पालना के लिए जागरूक किया।

स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने एवं व्यवहार परिवर्तन का संदेश देने के लिए रणथंभौर सर्किल से राजकीय महाविद्यालय तक जनजागरण रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत विद्यालयों में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर विद्यार्थियों को व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया एवं राजस्व अधिकारी बृजेश मीणा द्वारा अभियान के तहत संचालित स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है।

Tags: