आमेट नगर पालिका चुनाव: वार्ड 21 से BJP उम्मीदवार धर्मेश मेवाड़ा पर हमला, केस दर्ज
बूथ पर फर्जी वोटिंग का विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमले का आरोप, पुलिस ने मेडिकल कराकर शुरू की जांच।
तस्वीर में दिख रहे घायल भाजपा प्रत्याशी धर्मेश मेवाड़ा सिर पर सफेद पट्टी बांधे हुए।
आमेट में नगर पालिका निकाय चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 21 के भाजपा प्रत्याशी धर्मेश मेवाड़ा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 9 सितंबर 2026 को मतदान के दिन हुई। पुलिस ने प्रत्याशी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर मेडिकल कराया और घटनास्थल पर ले जाकर घटना की तस्दीक कराई। मामले में पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस को दी प्राथमिकी में धमेन्द्र मेवाडा उर्फ धर्मेश मेवाडा, पिता भेरूलाल, जाति मेवाडा कलाल, निवासी शनि महाराज मंदिर के पास आमेट ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7.30 बजे वह आमेट नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में वार्ड संख्या 21 के वोटिंग बूथ पर अपना वोट डालने जा रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान अभियुक्त लादूलाल, उसके भाई मदनलाल, पिता शंकर लाल, निवासी शनिमाराज मंदिर के पास आमेट तथा उनके अन्य साथी दादागिरी एवं गुण्डागर्दी के बल पर वोटिंग बूथ पर फर्जी वोट डलवा रहे थे। धर्मेश मेवाड़ा ने उन्हें रोकते हुए फर्जी वोट डालने से मना किया और इसका विरोध किया।
आरोप है कि इसके बाद अभियुक्तगण ने धर्मेश मेवाड़ा के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की। मारपीट में उनके सिर के पीछे गंभीर चोट आई तथा शरीर पर भी जगह-जगह चोटें लगीं। रिपोर्ट के अनुसार, वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर गए और बेहोश हो गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मारपीट देखी और बीच-बचाव किया। इसके बाद लोगों ने धर्मेश मेवाड़ा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि अभियुक्त लादूलाल ने जान से मारने की नीयत से लगातार उनका पीछा किया तथा उनके बच्चों और परिवार के लोगों को भी जान से मारने की धमकियां दीं।
फरियादी ने अभियुक्तगण के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्तों के खिलाफ आईपीसी की धारा 115 (2), 126 (2) और 3 (5) में मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच पुलिस के एएसआई शंकर सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस ने फरियादी धर्मेश मेवाड़ा का मेडिकल कराया। इसके साथ ही पुलिस टीम उन्हें घटनास्थल पर लेकर गई और मौके पर घटना की तस्दीक कराई। प्रकरण में पुलिस का अनुसंधान जारी है।