ब्यावर में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण से पहले मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा और चुनावी तैयारियों का जायजा लेते जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना और एसपी रतन सिंह राठौड़।

ब्यावर में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान से पहले जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना और पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ ने सोमवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाबरा, रास, लाम्बिया, आनंदपुर कालू एवं बलूंदा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इंतजामों के साथ मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने, क्रिटिकल सेंटर्स पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर रैंप, बिजली, पानी और छांव की व्यवस्था समय पर पूरी करने तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रभारियों को पाबंद किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने स्थानीय नागरिकों से बिना किसी भय या प्रलोभन के मतदान करने की अपील की। उन्होंने लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने का भी आह्वान किया।

तृतीय चरण के मतदान से पहले प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के इस निरीक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं और चुनावी तैयारियों को सुनिश्चित करना है, ताकि ब्यावर क्षेत्र में मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Tags: