दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर ब्यावर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, DM ने जारी किए निर्देश
ब्यावर में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने निर्देश जारी किए हैं। जानिए 8, 9 और 11 नवंबर 2026 को पर्व के दौरान पुलिस, यातायात, बिजली, पानी और चिकित्सा सेवाओं के लिए क्या तैयारियां रहेंगी।
दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैयादूज के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और आमजन की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने आदेश जारी कर संबंधित विभागों को पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा, निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार ब्यावर जिले में 8, 9 एवं 11 नवंबर 2026 को पर्व मनाए जाएंगे। इस दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अग्निशमन सेवाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक को पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने को कहा गया है। सभी उपखंड मजिस्ट्रेट, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं को अग्निशमन वाहनों को तकनीकी रूप से तैयार रखने तथा फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही अस्पतालों में चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सुचारू रखने को कहा गया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने विद्युत विभाग को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जलदाय विभाग को जिले के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त एवं नियमित पेयजल आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया है।
दीपावली के दौरान आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं और आग से जलने की घटनाओं को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारियों को विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सेवाओं के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा दल एवं संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आदेश में आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही आतिशबाजी की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया है। बाजारों, मुख्य सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, अतिक्रमण हटाने और दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त पशुओं को आवारा घूमने से रोकने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने, अस्थायी आतिशबाजी विक्रय स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है।
जिला मजिस्ट्रेट कमल राम मीना ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई से जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।